डोनाल्ड ट्रंप से वोलोदिमीर जेलेंस्की की अनबन के बाद यूक्रेन के समर्थन में उतरे कई यूरोपीय देश
नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूक्रेन के प्रेसिडेंट वोलोदिमीर जेलेंस्की के बीच से व्हाइट हाउस में मुलाकात के दौरान हुई बहस के बाद कई यूरोपीय देश यूक्रेन के समर्थन में उतर आए हैं। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने यूक्रेन को पीड़ित राष्ट्र करार दिया है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन अपनी स्वतंत्रता, अपनी गरिमा और अपने बच्चों के साथ यूरोप की सुरक्षा के लिए रूस के खिलाफ लड़ाई लड़ रहा है। जर्मनी के चांसलर ओलाफ शोल्ज ने यूक्रेन के समर्थन की बात करते हुए कहा कि वोलोदिमीर जेलेंस्की हम पर भरोसा कर सकते हैं।
यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए यूक्रेन के राष्ट्रपति के नाम संदेश जारी किया। उन्होंने लिखा, आप अकेले नहीं, हम आपकी गरिमा और यूक्रेनी लोगों की बहादुरी का सम्मान करते हैं। हम न्यायपूर्ण और स्थायी शांति के लिए आपके साथ आगे भी देते रहेंगे। वहीं, स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज़ ने भी यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की का पक्ष लिया है। पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने भी जेलेंस्की और यूक्रेन के प्रति एकजुटता व्यक्त की है। वहीं नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर ने व्हाइट हाउस में हुई घटना को गंभीर और निराशाजनक करार दिया है।
शिखर सम्मेलन बुलाने का आह्वान
इस बीच इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने शिखर सम्मेलन बुलाने का आह्वान किया है। उन्होंने संयुक्त राज्य अमेरिका, यूरोपीय राज्यों और सहयोगियों से कहा है कि इस मुद्दे पर खुलकर बात करने और इसके स्थाई समाधान के लिए हम सभी को एक साथ बैठकर चर्चा करनी चाहिए। हमें इस बात पर अपना रुख स्पष्ट करना होगा कि इस मुद्दे का हम किस प्रकार समाधान चाहते हैं। आपको बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूक्रेन के प्रेसिडेंट वोलोदिमीर जेलेंस्की के बीच बातचीत तीखी बहस में बदल गई। इसके बाद जेलेंस्की को बिना लंच किए ही व्हाइट हाउस से जाने को कह दिया गया और दोनों की संयुक्त प्रेस वार्ता को भी रद्द कर दिया गया।
