April 27, 2026

Hind foucs news

hindi new update

पाकिस्तान ने ऐसा क्या कर दिया जो डोनाल्ड ट्रंप ने कहा-‘धन्यवाद’?

नई दिल्ली। अमेरिकी संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पाकिस्तान का नाम लेते हुए उसे धन्यवाद कहा। डोनाल्ड ट्रंप के द्वारा सार्वजनिक रूप से पाकिस्तान को थैंक्यू कहे जाने की चर्चा अब हर तरफ हो रही है। हर कोई यह जानना चाहता है कि आखिर पाकिस्तान जैसे देश ने ऐसा क्या कर दिया जो अमेरिकी राष्ट्रपति ने उसका शुक्रिया अदा किया है। दरअसल अफगानिस्तान में 13 अमेरिकी सैनिकों की हत्या में शामिल आतंकी को अमेरिका ने पकड़ा है और इसमें पाकिस्तान ने उसकी मदद की।

साल 2021 में जब अफगानिस्तान से अमेरिकी सेना के जवान वापस अपने देश जा रहे थे तभी वहां आतंकवादी हमला हो गया। उस हमले में अमेरिका के 13 जवानों की जान चली गई थी। इस आतंकी हमले का मास्टरमाइंड मोहम्मद शरीफुल्ला है। शरीफुल्ला आतंकी संगठन आईएसआईएस का सीनियर कमांडर है। अमेरिका को बहुत समय से इसकी तलाश थी। सीआईए की खुफिया जानकारी के आधार पर अमेरिका ने पाकिस्तान की मदद से मोहम्मद शरीफुल्ला को धर दबोचा और अब उसे अमेरिका ले जाया जा रहा है।

अमेरिकी एजेंसी एफबीआई के नए डायरेक्टर काश पटेल ने कहा, जैसा कि राष्ट्रपति ट्रम्प ने अभी घोषणा की है, मैं रिपोर्ट कर सकता हूं कि आज रात एफबीआई, डीओजे और सीआईए ने अफगानिस्तान से वापसी के दौरान एबी गेट पर 13 अमेरिकी सैनिकों की हत्या के लिए जिम्मेदार आतंकवादियों में से एक को प्रत्यर्पित कर दिया है। अमेरिकी नायकों और उनके परिवारों के लिए न्याय की दिशा में हमारा यह एक और कदम है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सीआईए को मोहम्मद शरीफुल्ला की जानकारी मिली थी। जिसके बाद सीआईए ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी को इससे अवगत कराया और आतंकी की लोकेशन और पूरी डिटेल शेयर की। इसके बाद पाकिस्तान ने स्पेशल टीम भेजकर आईएसआईएस के शीर्ष आतंकियों में शामिल मोहम्मद शरीफुल्ला को पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा के पास गिरफ्तार कर लिया।