April 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

इजरायल की पर्यटक समेत दो महिलाओं के साथ कर्नाटक में सामूहिक दुष्कर्म, तीन साथियों को आरोपियों ने नहर में फेंका

नई दिल्ली। कर्नाटक में इजरायल की एक पर्यटक और वहां होम स्टे चलाने वाली एक अन्य महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इतना ही नहीं घटना को अंजाम देने वालों ने महिलाओं के तीन पुरुष साथियों को पहले तो पीटा और फिर नहर में फेंक दिया। यह घटना कर्नाटक के प्रसिद्ध पर्यटक स्थल हम्पी की है। पुलिस को नहर से एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। जबकि पीड़ित महिलाओं के दो अन्य साथी अस्पताल में भर्ती हैं। वहीं दुष्कर्मियों की पहचान और उनको पकड़ने के लिए भी पुलिस प्रयासरत है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक यह घटना गुरुवार रात लगभग 11:30 बजे के आसपास की है। हम्पी में स्थित सनापुर नहर के किनारे इजरायल की महिला पर्यटक अपनी एक महिला मित्र जो वहां होम स्टे चलाती है के साथ नहर के किनारे बैठी हुई थी। वहीं उनके साथ तीन पुरुष मित्र जिसमें से दो भारतीय (महाराष्ट्र का पंकज, ओडिशा का बिबाश) और एक अमेरिकी नागरिक डैनियल था, ये सभी वहां म्यूजिक सुन रहे थे। तभी एक बाइक पर सवार तीन लोग वहां पहुंचे और उन्होंने पहले तो इजरायली पर्यटक से कुछ बात की फिर उससे पैसे मांगने लगे। जब उसने पैसे देने से मना किया तो उनकी बहस हो गई।

इस बीच महिलाओं के साथी जब बीच में आए तो बाइक सवार लोगों ने दोनों भारतीयों और एक अमेरिकी को नहर में फेंक दिया। इन तीनों को नहर में धक्का देने के बाद इजरायली और दूसरी महिला के साथ उन लोगों ने गैंगरेप किया। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। महाराष्ट्र का पंकज और अमेरिकी नागरिक डैनियल तो किसी तहर तैर कर नहर से बाहर आ गए मगर ओडिशा का बिबाश उसमें डूब गया। पुलिस को आज बिबाश का शव बरामद हुआ है। वहीं महिलाओं को भी चोट आई है और उनका भी इलाज चल रहा है। दुष्कर्मियों की तलाश के लिए पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाई हैं।