गुजरात कांग्रेस के नेताओं पर भड़के राहुल गांधी, बोले- 10, 20, 30 को निकाल देना चाहिए
अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद में शनिवार को राहुल गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। अपने संबोधन में राहुल गांधी ने गुजरात में कांग्रेस की हालत पर नाराजगी भी जताई। राहुल गांधी ने कहा कि गुजरात कांग्रेस में 2 तरह के लोग हैं। पहले वो जिसके दिल में कांग्रेस की विचारधारा है और वो जनता के साथ खड़े हैं। राहुल गांधी ने कहा कि दूसरे ऐसे लोग हैं, जिनमें से आधे बीजेपी से मिले हैं और जनता से कटे हैं। जब तक इन दोनों को अलग नहीं किया, गुजरात की जनता कांग्रेस पर भरोसा नहीं कर सकती। राहुल गांधी ने इसके बाद सख्त तेवर दिखाए और कहा कि उनकी जिम्मेदारी इन दो तरह के कांग्रेसियों को छांटने की है। फिर राहुल गांधी ने ये भी कहा कि हमें सख्त कार्रवाई कर ऐसे 10, 15, 20, 30 लोगों को निकालना पड़े, तो निकाल देना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के अंदर से बीजेपी के लिए काम कर रहे हो। बाहर जाकर काम करो, वहां तुम्हारी जगह नहीं बनेगी। राहुल गांधी ने कहा कि ऐसे लोगों को बीजेपी बाहर फेंक देगी।
राहुल गांधी ने आगे कहा कि गुजरात को रास्ता नहीं दिख रहा है। गुजरात आगे बढ़ना चाहता है। राहुल गांधी ने नाराजगी जताने के अंदाज में कहा कि कांग्रेस का सदस्य होने के नाते वो कह रहे हैं कि गुजरात में कांग्रेस रास्ता दिखाने में नाकाम है। राहुल गांधी ने कहा कि वो ये बात शर्मसार होकर या डर से नहीं कह रहे। राहुल गांधी ने कहा कि चाहे कांग्रेस के कार्यकर्ता हों, चाहे राहुल गांधी हों, चाहे गुजरात कांग्रेस के अध्यक्ष हों, हम गुजरात को रास्ता दिखाने में असमर्थ रहे। राहुल गांधी ने कहा कि जो गुजरात ने 30 साल से अपेक्षा की, उसे कांग्रेस पूरा नहीं कर पाई है।
राहुल गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जब भी वो अहमदाबाद आते हैं, तो 2007 से हुए और अगले होने वाले गुजरात विधानसभा चुनाव की बात होती है। राहुल गांधी ने साथ ही ये भी कहा कि गुजरात में 30 साल से कांग्रेस सत्ता में आई नहीं है। कांग्रेस सांसद ने इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं से ये भी कहा कि जब तक हम अपनी जिम्मेदारियां पूरी नहीं करते, गुजरात के लोग हमें चुनाव नहीं जिताएंगे। राहुल गांधी के इस बयान के दौरान पार्टी के कार्यकर्ता शांत होकर उनकी बात सुनते रहे। कई बार तालियां बजाकर उनके बयान का स्वागत भी किया।
