April 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

सिंघु बॉर्डर पर हुई हत्या मामले में तीनों आरोपियों ने कोर्ट में कुबूला जुर्म, 6 दिन की पुलिस रिमांड में भेजे गए

नई दिल्ली। सिंघु बॉर्डर पर हुई हत्या मामले में सोनीपत क्राइम ब्रांच ने जांच के दौरान पकड़े गए तीन मुख्य आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। जहां क्राइम ब्रांच की ओर से आरोपियों के लिए 14 दिन की पुलिस रिमांड की मांग की गई थी। जिस पर फैसला सुनाते हुए कोर्ट ने आरोपियों को 6 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। कोर्ट के फैसले के बाद अब सभी तीनों आरोपियों को 6 दिन पर रिमांड पर रखा जाएगा।

सिंघु बॉर्डर मामले में फैसला

बताया गया है कि जिन तीन आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया था, उनका नाम नारायण सिंह, भगवंत सिंह और गोविंद प्रीत सिंह है। कोर्ट में तीनों ने कबूल किया है कि उन्होंने ही लखबीर सिंह की हत्या की थी। इसके साथ ही यह भी बताया कि ये तीनों एक-दूसरे को नाम से नहीं जानते हैं। इनकी पहले से कोई जान-पहचान भी नहीं है, ये सिर्फ एक-दूसरे को चेहरे के जरिए पहचान पाते हैं। कोर्ट में यह भी कहा गया है कि नारायण सिंह ने पहले मृत लखबीर के हाथ काटे थे, जिसके बाद भगवंत सिंह और गोविंद प्रीत सिंह ने उसके शव को लटका दिया था।

पुलिस की कोर्ट से मांग

इस मामले में पुलिस ने मांग की थी कि केस की संवेदनशीलता को देखते हुए, सभी आरोपियों की 14 दिन की रिमांड दी जानी चाहिए, ताकि आगे की जांच में इन तीनों का सहयोग मिल सके। लेकिन अभी के लिए सिविल जज जूनियर डिविजन किमी सिंगला की कोर्ट ने आरोपियों की सिर्फ 6 दिन की पुलिस रिमांड दी है। आदेश देते समय कोर्ट ने यह भी कहा कि आरोपियों का रोज मेडिकल चेकअप करवाया जाए, वहीं इसकी डीडी में एंट्री भी नियमित रूप से की जाएगी।

कहां तक पहुंची पुलिस की जांच  

वहीं इस केस में अगर पुलिस जांच की बात की जाए तो अभी तक हथियार और खून से सने कपड़े नहीं मिले हैं। उन्हें इस केस के लिहाज से अहम सबूत माना जा रहा है, ऐसे में पुलिस किसी भी कीमत पर इन्हें जल्द रिकवर करना चाहती है। पुलिस का कहना है कि तीनों आरोपी ही उन्हें इन सबूतों तक पहुंचा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *