खुद से जुड़े विवादों पर आया सलमान खान का बयान, जानिए क्या बोले
मुंबई। बॉलीवुड के भाईजान कहे जाने वाले सलमान खान अपने बयानों और स्टाइल स्टेटमेंट की वजह से बीते कुछ दिनों से सुर्खियों में हैं। एक बार सलमान खान ने फिर चर्चा में आने वाला बयान दिया है। सलमान खान आजकल अपनी फिल्म ‘सिकंदर’ का प्रमोशन कर रहे हैं। सिकंदर फिल्म के प्रमोशन के दौरान सलमान खान ने कहा कि बहुत सारे विवादों से वो गुजर चुके हैं। सलमान खान ने ये भी कहा कि उनको अब और कंट्रोवर्सी नहीं चाहिए। एक्टर सलमान खान ने अपने परिवार के बारे में भी अहम बात कही।
सलमान खान पहले कई विवादों में घिर चुके हैं। सलमान खान पर आरोप लगा था कि उन्होंने अपनी गाड़ी से मुंबई में फुटपाथ पर सो रहे लोगों को कुचल दिया। सलमान खान राजस्थान में फिल्म की शूटिंग के दौरान काले हिरण के शिकार का आरोप लगाने में भी घिरे। मीडिया में इसकी भी खूब चर्चा होती रही है कि सलमान खान ने कई एक्ट्रेस से बदसलूकी की। एक्ट्रेस रहीं सोमी अली ने सलमान खान को कई बार इस वजह से टार्गेट भी किया। एक्टर शाहरुख खान से उनका झगड़ा भी मीडिया की सुर्खियां बना। हालांकि, विवादों में घिरे रहने के बावजूद फैंस ने हमेशा सलमान खान का साथ दिया और उनकी फिल्मों को एक के बाद एक हिट भी कराया। अब सबकी नजर इस पर है कि सलमान खान की सिकंदर बॉक्स ऑफिस पर कमाल कर पाती है या नहीं।
इससे पहले सलमान खान ने बीते दिनों सिकंदर फिल्म के प्रमोशन के दौरान गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की तरफ से खतरा होने के सवाल पर प्रतिक्रिया दी थी। सलमान खान ने कहा था कि जब तक जिंदगी है, तब तक जीएंगे। सलमान खान ने पहली बार खुद को खतरे के बारे में ये बात कही थी। सलमान खान शुक्रवार को अपनी एक तस्वीर की वजह से भी चर्चा में आए थे। इस तस्वीर में सलमान खान ने ऐसी घड़ी पहन रखी थी, जिसमें अयोध्या के राम मंदिर की प्रतिकृति थी। सलमान खान की पहनी इस घड़ी की कीमत लाखों में है।
