‘आतंकियों और उनका समर्थन करने वालों पर निर्णायक कार्रवाई करेंगे’, पाकिस्तान का नाम लिए बैगर पीएम मोदी ने फिर दी कड़ी चेतावनी
नई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर पाकिस्तान का नाम लिए बगैर कहा है कि भारत आतंकियों और उनका समर्थन करने वालों के खिलाफ दृढ़ और निर्णायक कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है। पीएम मोदी ने कहा है कि हमने सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ हमारी जंग में समर्थन के लिए अंगोला को धन्यवाद दिया। ये बात पीएम मोदी ने अंगोला के लॉरेंसू के साथ साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही।
पीएम मोदी ने ये भी कहा कि कश्मीर में पर्यटकों पर हमले की घटना शर्मसार करने वाली है। उन्होंने कहा कि हमारा मानना है मानवता के लिए आतंकवाद सबसे बड़ा खतरा है। पीएम मोदी ने पहलगाम के आतंकी हमले में मृतकों के प्रति संवेदना जताने के लिए अंगोला के राष्ट्रपति को धन्यवाद भी दिया।
पीएम मोदी इससे पहले बिहार में एक जनसभा के दौरान भी साफ कह चुके थे कि पहलगाम में जिन आतंकियों ने पर्यटकों की हत्या की, उनको और उनको समर्थन देने वालों के खिलाफ भारत सरकार सख्त कार्रवाई करेगी। पीएम मोदी ने तब कहा था कि पहलगाम की घटना करने वालों को दुनिया के आखिरी छोर से भी पकड़कर सजा दिलाई जाएगी। मोदी के इस बयान के बाद से ही पाकिस्तान में खलबली मची है कि भारत हमला कर सकता है।
पहलगाम की बैसरन घाटी में 22 अप्रैल को आतंकियों ने धर्म का पता कर 26 पर्यटकों की जान ली थी। इसके बाद भारत ने पाकिस्तान पर कई कड़े कदम उठाए। वहीं, पहलगाम में नरसंहार करने वाले आतंकियों का स्केच भी जारी हुआ था। एनआईए की जांच में साफ हो गया है कि पहलगाम में हमला करने वाले आतंकियों में पाकिस्तानी सेना के पूर्व कमांडो थे। पाकिस्तान में ही साजिश भी रची गई थी। आतंकियों ने बैसरन घाटी में हमला करने से पहले 3 और जगह की रेकी की थी, लेकिन उन जगहों पर कड़ी सुरक्षा के कारण पहलगाम की बैसरन घाटी में उन्होंने पर्यटकों की हत्या की और फरार हुए। इन सभी को सेना और सुरक्षाबल लगातार तलाश रहे हैं।
