भारतीय सेना ने फिर दी पाकिस्तान को चेतावनी, कहा- याद रहे ऑपरेशन सिंदूर का विकराल रूप अभी बाकी है!
अमृतसर। पाकिस्तान की गुजारिश पर भारत ने ऑपरेशन सिंदूर को स्थगित किया है। पीएम नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कह चुके हैं कि भारत ये देख रहा है कि पाकिस्तान अपने यहां आतंकी संगठनों के खिलाफ कार्रवाई करता है या नहीं। अब भारतीय सेना ने एक बार फिर पाकिस्तान को चेतावनी दी है। अमृतसर स्थित 15वीं इन्फेंट्री डिवीजन के जीओसी मेजर जनरल कार्तिक सी शेषाद्री ने पाकिस्तान को चेतावनी दी है कि वो याद रखे कि ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ स्थगित किया गया है, खत्म नहीं हुआ। मेजर जनरल शेषाद्री ने पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए साफ किया है कि ऑपरेशन सिंदूर का विकराल रूप अभी बाकी है।
मेजर जनरल शेषाद्री ने कहा कि भारतीय सेना ने पाकिस्तान की सेना पर निर्णायक जीत हासिल की है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना, कूटनीति वगैरा का सामना करन की पाकिस्तान की हिम्मत नहीं है। जीओसी 15वीं इन्फेंट्री डिवीजन मेजर जनरल कार्तिक सी शेषाद्री ने कहा कि भारतीय सेना जानती है कि पाकिस्तान की फौज की खामियां, कमियां और मजबूरियां क्या हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना जानती है कि पाकिस्तान हमेशा कायरों जैसी कार्रवाई करेगा। उन्होंन कहा कि दुश्मन के इरादों को नष्ट करने के लिए भारतीय सेना सतर्क और सजग है। सुनिए भारतीय सेना के मेजर जनरल कार्तिक सी शेषाद्री ने किस तरह पाकिस्तान को चेतावनी दी।
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों के हाथ 26 पर्यटकों के नरसंहार के बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान स्थित आतंकियों के ठिकानों को हमला कर जमींदोज किया था। इसके बाद पाकिस्तान ने भारत पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन भारतीय ब्रह्मोस मिसाइलों के प्रहार से उसके 11 एयरबेस और 2 रडार स्टेशनों को जबरदस्त नुकसान पहुंचा। इसके बाद पाकिस्तान की सेना ने भारत से हमले बंद कर सीजफायर की गुहार लगाई। जिसके बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर को स्थगित करने का एलान किया। भारत ने साफ कहा है कि अगर पाकिस्तान की हरकत नहीं सुधरती, तो ऑपरेशन सिंदूर को फिर शुरू कर उसे बड़ा सबक सिखाया जाएगा।
