April 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

असीम मुनीर ने फिर कराई पाकिस्तान की बेइज्जती, भारत पर हमले की तस्वीर बता कर शहबाज शरीफ को गिफ्ट कर दी फेक फोटो

नई दिल्ली। भारत से मिली हार के बावजूद पाकिस्तान खुद ही अपनी झूठी जीत का ढिंढोरा पीटने में लगा हुआ है। मगर हर बार उसका झूठ की पोल खुल जाती है और दुनिया के सामने उसकी किरकिरी हो जाती है। पाकिस्तान के साथ एक बार फिर कुछ ऐसा ही हुआ है। पाकिस्तान के नए फील्ड मार्शल जनरल असीम मुनीर ने अपने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को एक फोटो यह बताकर गिफ्ट की कि यह पाकिस्तानी सेना के द्वारा भारत पर किए हमले की है। मगर बाद में पता चला कि वो फोटो पांच साल पुरानी चीन की मिलिट्री की है। इस सच्चाई के सामने आने के बाद पाकिस्तानी की बेइज्जती  हो रही है।

सोशल मीडिया यूजर्स पाकिस्तान के मजे ले रहे हैं। असीम मुनीर और पीएम शहबाज शरीफ को लेकर भी लोग तमाम तरह के फनी कमेंट कर रहे हैं। दरअसल जनरल असीम मुनीर को पाकिस्तान का नया फील्ड मार्शल बनाए जाने को लेकर रविवार रात एक डिनर पार्टी का आयोजन किया गया था जिसमें पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ समेत सरकार और सेना के बहुत से प्रभावशाली लोग मौजूद थे। इस दौरान जनरल असीम मुनीर ने शहबाज शरीफ को पाकिस्तानी सेना की वीरता के प्रतीक के रूप में एक फोटो भेंट की। बाद में जब फैक्ट चेकर्स ने उस फोटो की सच्चाई का पता लगाया तो पता चला की वो तो फेक फोटो है। जिस फोटो को असीम मुनीर ने शहबाज शरीफ को दिया है वो दरअसल पाकिस्तानी सेना की नहीं बल्कि चीन की पीएलए-आर्मी के रॉकेट फोर्स की है। इस फोटो को साल 2019 में चीन की सेना ने एक युद्धाभ्यास के दौरान खींचा था।

बता दें कि इससे पहले दुनिया के सामने खुद ही अपनी पीठ थपथपाते हुए पाकिस्तान की सरकार ने असीम मुनीर का प्रमोशन करते हुए उनको देश का दूसरा फील्ड मार्शल बना दिया था। गौरतलब है कि पाकिस्तान ने भारत के जिन एयरबेस और सैन्य ठिकानों को ध्वस्त करने का दावा किया है भारत उनके सबूत दुनिया के सामने पेश कर चुका है कि उसके सभी एयरबेस और सैन्य ठिकाने पूरी तरह सुरक्षित हैं। साथ ही भारत पाकिस्तान पर किए जवाबी हमलों के वीडियो भी जारी कर चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *