पाकिस्तान के लिए जासूसी करने की आरोपी ज्योति मल्होत्रा को लाहौर में किसने दिए थे एके-47 वाले कई गनर!
हिसार। पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में हरियाणा की हिसार पुलिस ने यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को 16 मई 2025 को गिरफ्तार किया था। हिसार पुलिस के अलावा आईबी, एनआईए और मध्य प्रदेश पुलिस की टीमें ज्योति मल्होत्रा से पूछताछ करती रही हैं। पाकिस्तान के लिए जासूसी की आरोपी ज्योति मल्होत्रा के मोबाइल फोन और लैपटॉप को भी हिसार पुलिस ने डिलीट किए गए डेटा को रिकवर करने के वास्ते फॉरेंसिक लैब भेजा है। ज्योति मल्होत्रा ने पाकिस्तान के लिए जासूसी की या नहीं, ये तो पुलिस की ओर से कोर्ट में दाखिल सबूतों के बिनाह पर ही तय होगा, लेकिन इस बीच, ज्योति मल्होत्रा का एक वीडियो नए सवाल जरूर खड़े कर रहा है।
ज्योति मल्होत्रा का जो वीडियो आया है, उसमें वो लाहौर के अनारकली बाजार में घूम रही हैं। स्कॉटलैंड के मशहूर यूट्यूबर कैलम मिल ने इस वीडियो को शूट किया है। कैलम मिल भी लाहौर के अनारकली बाजार में घूम रहे होते हैं। उसी दौरान एके-47 रायफल लिए कई लोग उनको दिखते हैं। आगे जाने पर यूट्यूबर कैलम मिल पाते हैं कि एके-47 लिए ये गार्ड ज्योति मल्होत्रा की सुरक्षा कर रहे हैं। कैलम मिल और ज्योति मल्होत्रा के बीच बातचीत भी होती है। विदेशी यूट्यूबर से ज्योति मल्होत्रा कहती है कि कभी वो भारत की भी यात्रा करें। इस वीडियो में कैलम मिल जब ज्योति मल्होत्रा से पूछते हैं कि पाकिस्तान की मेहमान नवाजी कैसी लगी, तो ज्योति मल्होत्रा शानदार कहती है।
