कमल हासन जाएंगे राज्यसभा, डीएमके ने अपने कोटे से चुनाव में दी है एक सीट
नई दिल्ली। तमिलनाडु की सत्ताधारी पार्टी द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) ने अगले महीने होने वाले राज्यसभा चुनाव में अपने कोटे से कमल हासन की पार्टी मक्कल निधि मय्यम (एमएनएम) को एक सीट दी है। माना जा रहा है कि तमिल-हिंदी भाषा विवाद में तमिलनाडु सरकार का साथ देने के लिए मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने कमल हासन को तोहफा दिया है। स्टालिन ने कहा है कि 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले हुए समझौते के तहत एमएनएम को चुनाव में एक सीट दी गई है। बता दें कि 19 जून को राज्यसभा के लिए द्विवार्षिक चुनाव होने हैं।
डीएमके की ओर से एक सीट मिलने के बाद अब यह लगभग तय माना जा रहा है कि कमल हासन अपनी पार्टी से खुद ही राज्यसभा जाएंगे। इस संबंध में एमएनएम के नेता मुरली अप्पास ने कहा कि हमारी पार्टी ने कमल हासन को राज्यसभा सदस्य के रूप में चुनने के लिए एक प्रस्ताव पारित किया है। उधर, डीएमके ने राज्यसभा के लिए अपने तीन और उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी है। डीएमके ने मौजूदा सांसद वरिष्ठ अधिवक्ता पी विल्सन को फिर से राज्यसभा कैंडिडेट के तौर पर नामित किया है। साथ ही सलेम से पार्टी के नेता एसआर शिवलिंगम और पार्टी पदाधिकारी विख्यात कवि तथा लेखक तथा रुकय्या मलिक उर्फ कविगनर सलमा को भी राज्यसभा उम्मीदवार घोषित किया है।
गौरतलब है कि तमिलनाडु से राज्यसभा के 6 सदस्य आगामी 24 जुलाई को रिटायर हो रहे हैं। समीकरण की बात करें तो 6 सीटों में से सत्ताधारी डीएमके आसानी से 4 जीत सकती है। वहीं राज्य की प्रमुख विपक्षी पार्टी ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कडगम (एआईएडीएमके) बीजेपी और अन्य सहयोगियों की मदद से 2 सीट जीत सकती है। इसी समीकरण के आधार पर डीएमके ने तीन सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया है जबकि एक सीट कमल हासन की पार्टी के लिए छोड़ दी है।
