डोनाल्ड ट्रंप की टीम से एलन मस्क के अलग होने की आखिर क्या है वजह? क्या दोनों के बीच आ गई दरार?
नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सलाहकार एलन मस्क अब उनकी टीम से अलग हो गए हैं। टेस्ला कंपनी के सीईओ एलन मस्क ने अपना पद छोड़ने का ऐलान कर दिया है। मस्क ने डिपार्टमेंट ऑफ गवर्नमेंट एफिशिएंसी (डीओजीई) से अलग होने की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए दी और कहा कि ट्रंप प्रशासन के साथ उनका समय अब पूरा हो गया है। राष्ट्रपति ट्रंप के द्वारा अपनी टीम में शामिल किए जाने को लेकर मस्क ने उन्हें धन्यवाद भी दिया। अब जब एलन मस्क अपने दोस्त डोनाल्ड ट्रंप की टीम का हिस्सा नहीं हैं तो इस बात को लेकर तमाम तरह की अटकलें भी लगाई जा रही हैं।
ट्रंप और मस्क के बीच तनाव को लेकर भी मीडिया में चर्चा है। माना जा रहा है कि ट्रंप प्रशासन का नया बिल बिग ब्यूटीफुल इसकी वजह है। ट्रंप प्रशासन के मुताबिक यह नया बिल अनिवार्य खर्च में 1.6 ट्रिलियन डॉलर तक की बचत करेगा। जबकि मस्क ने इस बिल को निराशाजनक बताया था। मस्क ने कहा था कि यह बिल सरकारी घाटे को और बढ़ा देगा। इससे डीओजीई टीम का काम कमजोर हो जाएगा। बता दें कि ट्रम्प ने मस्क को जिस डीओजीई विभाग का जिम्मा सौंपा था उसका काम सरकार की फिजूलखर्ची को कम करना था।
वैसे आपको बता दें कि डोनाल्ड ट्रंप और एलन मस्क के बीच रिश्ते हमेशा अच्छे नहीं रहे हैं, पहले भी वो एक दूसरे के विरोधी रह चुके हैं। 2016 में एलन मस्क ने डोनाल्ड ट्रंप की सार्वजनिक रूप से आलोचना करते हुए कहा था कि वो अमेरिका के सर्वोच्च पद के लिए चुनाव लड़ने के लायक नहीं हैं। बाद में धीरे-धीरे ट्रंप और मस्क के बीच रिश्ते सामान्य हो गए। इसी साल की शुरुआत में मस्क और ट्रंप प्रशासन के कुछ मंत्रियों, के बीच तीखी बहस की खबरें भी मीडिया में आई थीं।
