April 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

गोली का जवाब गोले से दिया जाएगा, पीएम नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान को फिर किया आगाह

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज भोपाल में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ऑपरेशन सिंदूर की सफलता, देश की नारी शक्ति की ताकत का जिक्र करते हुए पाकिस्तान को फिर से आगाह करते हुए कहा कि आतंक के खिलाफ लड़ाई अभी थमी नहीं है। मोदी बोले, भारत का एक-एक नागरिक कह रहा है, 140 करोड़ देशवासियों की बुलंद आवाज कह रही है, अगर तुम गोली चलाओगे, मान के चलो, गोली का जवाब गोले से दिया जाएगा।

प्रधानमंत्री बोले, भारत संस्कृति और संस्कारों का देश है और सिंदूर हमारी परम्परा में नारी शक्ति का प्रतीक है। राम भक्ति में रंगे हनुमान जी भी सिंदूर को ही धारण किए हुए हैं। शक्ति पूजा में हम सिंदूर का अर्पण करते हैं और यही सिंदूर अब भारत के शौर्य का प्रतीक बना है। पहलगाम में आतंकियों ने सिर्फ भारतीयों का खून ही नहीं बहाया उन्होंने हमारी संस्कृति पर प्रहार किया, समाज को कोशिश की और सबसे बड़ी बात भारत की नारी शक्ति को चुनौती दी। यह चुनौती आतंकवादियों और उनके आकाओं के लिए काल बन गई है। ऑपरेशन सिंदूर पर पीएम बोले, यह आतंकवादियों के खिलाफ भारत के इतिहास का सबसे बड़ा और सबसे सफल ऑपरेशन है। जहां पाकिस्तान की सेना ने सोचा भी नहीं था वहां आतंकवादी ठिकानों को हमारी सेना ने मिट्टी में मिला दिया।

नरेंद्र मोदी ने कहा, ऑपरेशन सिंदूर हमारी नारी शक्ति के सामर्थ्य का भी प्रतीक बन गया है। हम सभी जानते हैं कि इस ऑपरेशन में बीएसएफ की कितनी बड़ी भूमिका रही। जम्मू, पंजाब, गुजरात और राजस्थान की सीमाओं पर बड़ी संख्या में बीएसएफ की हमारी बेटियाँ मोर्चा संभाल रही थीं। उन्होंने सीमा पार से होने वाली गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया। कमांड और कंट्रोल सेंटर से लेकर दुश्मन की चौकियों को नष्ट करने तक, बीएसएफ की वीर बेटियों ने अद्भुत शौर्य दिखाया है। आज दुनिया राष्ट्र रक्षा में भारत की बेटियों की ताकत देख रही है। पिछले एक दशक में सरकार ने इस दिशा में कई कदम उठाए हैं। स्कूलों से लेकर युद्ध के मैदान तक, राष्ट्र अब हमारी बेटियों की बहादुरी पर अभूतपूर्व भरोसा करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *