April 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

अल्लू अर्जुन के साथ जो किया, क्या अपने नेताओं के साथ करेंगे? चिन्नास्वामी स्टेडियम भगदड़ मामले में बीजेपी का कर्नाटक सरकार से सवाल

नई दिल्ली। बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई भगदड़ में कर्नाटक की कांग्रेस सरकार पर बीजेपी हमलावर है। बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने 11 निर्दोष लोगों की मौत के लिए मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को जिम्मेदार ठहराते हुए इस्तीफा देने की मांग की है। साथ ही फिल्म अभिनेता अल्लू अर्जुन का जिक्र करते हुए सरकार से सवाल किया था। संबित पात्रा ने पूछा कि अल्लू अर्जुन के साथ जो किया था क्या अपने नेताओं के साथ वैसा करेंगे या नहीं? उन्होंने कहा कि अगर पुलिस ने विजय यात्रा की अनुमति नहीं दी थी, तो इसे किसने अधिकृत किया? साथ ही उन्होंने राहुल गांधी पर भी निशाना साधा है।

पात्रा बोले, मैं बहुत स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं, मैंने रिपोर्ट देखी है कि स्टेडियम की क्षमता 35,000 लोगों की है, लेकिन 25,000 अतिरिक्त टिकट बेचे गए। यह राज्य सरकार की विफलता है। सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि राहुल गांधी कहां हैं? जो हर दिन भारत सरकार का मजाक उड़ाते हैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मजाक उड़ाते हैं, भारत की सेना का मजाक उड़ाते हैं और इसे अपना लोकतांत्रिक अधिकार बताते हैं, आज इतने लोगों की मौत के बाद वो कहां हैं? राहुल गांधी इस पर कुछ क्यों नहीं बोल रहे हैं?

आपको याद दिला दें कि दिसंबर 2024 में हैदराबाद के एक सिनेमा हॉल में अल्लू अर्जुन की फिल्म पुष्पा-2 के प्रीमियर के दौरान भगदड़ मच गई थी, जिसमें एक महिला की मौत हो गई थी और एक बच्चा घायल हो गया था। हैदाराबाद पुलिस ने इस मामले में अल्लू अर्जुन को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस का आरोप था कि अल्लू अर्जुन बिना जानकारी दिए वहां पहुंच गए जिससे उनको देखने के लिए भगदड़ मच गई। इस मामले में अल्लू अर्जुन के साथ पुलिस के व्यवहार को लेकर भी सवाल उठे थे। अल्लू अर्जुन ने खुद बताया था कि किस तरह पुलिस ने उनके घर में घुसकर निजता को भंग किया और उनके साथ बहुत ही खराब बर्ताव किया। हालांकि बाद में अल्लू अर्जुन को तेलंगाना हाईकोर्ट से जमानत मिल गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *