April 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

कांग्रेस छोड़ बीजेपी में जाने के सवाल पर पहली बार शशि थरूर ने दी स्पष्ट प्रतिक्रिया, जानिए क्या बोले?

नई दिल्ली। काफी दिनों से अटकलें लग रही हैं कि क्या कांग्रेस छोड़कर शशि थरूर अब बीजेपी का दामन थामेंगे? इस पर शशि थरूर ने पहली बार स्पष्ट प्रतिक्रिया दी है। शशि थरूर ने अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन में इस बारे में सवाल पूछने पर कहा कि वो संसद के निर्वाचित सदस्य हैं और कार्यकाल के 4 साल बचे हैं। शशि थरूर ने आगे कहा कि उनको ये समझ नहीं आ रहा कि ऐसे सवाल क्यों किए जा रहे हैं? शशि थरूर ने कांग्रेस में उनकी आलोचना पर कहा कि अगर किसी को लगता है कि देशहित की बात करना पार्टी विरोधी है, तो उनको खुद से सवाल करना चाहिए।

शशि थरूर ने कहा कि उनको सच में ऐसा लगता है कि जब कोई देश की सेवा कर रहा है, तो किसी को इन बातों की चिंता करने की जरूरत है। शशि थरूर ने आगे कांग्रेस के ही दिग्गज नेता सलमान खुर्शीद के बयान का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि मेरे दोस्त सलमान खुर्शीद ने सवाल किया था कि क्या आजकल हमारे देश में देशभक्त होना इतना मुश्किल है?

थरूर ने कहा कि अभी हमें अपने मिशन पर फोकस करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस पर ज्यादा वक्त खर्च नहीं करता हूं कि कहां क्या कहा जा रहा है। शशि थरूर ने पिछले दिनों भी यही बात कही थी कि वो विदेश में भारत का पक्ष रखने आए हैं। अन्य बातों की तरफ ध्यान नहीं दे रहे। बता दें कि मोदी सरकार में सर्जिकल और एयर स्ट्राइक होने की बात शशि थरूर ने कही थी। जिस पर कांग्रेस के प्रवक्ता उदित राज ने उन पर सवाल उठाया था। उदित राज ने एक्स पर जो पोस्ट किया था, उसे कांग्रेस मीडिया सेल के प्रभारी पवन खेड़ा ने भी शेयर किया था।

शशि थरूर और कांग्रेस आलाकमान के बीच रिश्ते तल्ख होने की खबरें करीब दो महीने से आती रही हैं। शशि थरूर ने राहुल गांधी से भी मुलाकात कर केरल कांग्रेस की दिशाहीनता और खुद को संसद में बोलने वालों में शामिल न किए जाने का मुद्दा इस बातचीत में उठाया था। बाद में एक अंग्रेजी अखबार से शशि थरूर ने कहा था कि अगर कांग्रेस के पास मुझे देने के लिए काम नहीं है, तो मेरे पास किताब लिखने, संस्थानों में भाषण देने जैसे और भी काम हैं। शशि थरूर एक बार फ्लाइट में बीजेपी नेता बैजयंत जय पांडा के साथ भी सेल्फी ले चुके हैं। इससे इन अटकलों को और बल मिला था कि वो जल्दी ही कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *