April 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

बेंगलुरु में भगदड़ की जांच के सीएम सिद्धारामैया ने दिए आदेश, फ्री पास और विक्ट्री परेड पर कन्फ्यूजन से जुट गई थी लाखों की भीड़!

बेंगलुरु। कर्नाटक के सीएम सिद्धारामैया ने बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ मामले की जांच के आदेश दिए हैं। चिन्नास्वामी स्टेडियम में बुधवार को जब आईपीएल टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाड़ियों का स्वागत समारोह चल रहा था, तब भगदड़ मची थी। भगदड़ में 11 लोगों ने जान गंवाई और 30 से ज्यादा घायल हुए। अब ये जानकारी भी आ रही है कि बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर आखिर भगदड़ किस वजह से मची। पुलिस और सरकारी अफसरों के हवाले से मीडिया ने खबर दी है कि गलत जानकारी दिए जाने, ज्यादा भीड़ होने और फ्री पास बांटे जाने की खबरों से हालात बिगड़े और चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर दुखदायी नजारा देखने को मिला।

मीडिया ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हालात उस वक्त बिगड़े जब तमाम लोग वैध टिकट के बगैर एंट्री लेने की कोशिश करने लगे। कुछ लोग गेट के ऊपर चढ़कर भीतर जाने की कोशिश में लग गए थे। भगदड़ हुई, तो तमाम लोग एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े। जबकि, कुछ लोगों को बैरियर फांदते वक्त चोट लगी। चिन्नास्वामी स्टेडियम की क्षमता 35000 लोगों की है, लेकिन मौके पर 2 से 3 लाख लोग इकट्ठा हो गए।

कर्नाटक के सीएम के मुताबिक क्रिकेट एसोसिएशन को लगा था कि स्वागत समारोह है, इसलिए क्षमता से थोड़े ही ज्यादा लोग चिन्नास्वामी स्टेडियम आएंगे। उनके मुताबिक किसी भी को अंदाजा नहीं था कि इतनी भीड़ जुट जाएगी। सिद्धारामैया के मुताबिक मौके पर पूरे बेंगलुरु की पुलिस लगाई गई थी। एक वकील और आम आदमी पार्टी युवा शाखा के अध्यक्ष ने पुलिस से कर्नाटक राज्य क्रिकेट एसोसिएशन और चिन्नास्वामी स्टेडियम के सीईओ के खिलाफ शिकायत दी है।

बताया जा रहा है कि हालात इस वजह से भी बिगड़े क्योंकि बेंगलुरु ट्रैफिक पुलिस ने सुबह 11.55 बजे कहा कि कोई विक्ट्री परेड नहीं होगी। सिर्फ स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम का स्वागत होगा। वहीं, दोपहर 3.14 बजे टीम मैनेजमेंट ने सोशल मीडिया पर बताया कि पहले विक्ट्री परेड निकाली जाएगी। फिर चिन्नास्वामी स्टेडियम में सेलिब्रेशन किया जाएगा। इसके लिए ऑनलाइन कुछ फ्री पास की बात कही गई। इससे भी आरसीबी के फैंस में कन्फ्यूजन फैला। पिस सूत्रों के मुताबिक फ्री पास वालों को भीतर जाने दिया जा रहा था, लेकिन बिना पास वाले भी भीतर जाने की कोशिश में धक्का-मुक्की करने लगे। हालात ऐसे हो गए कि 1 किलोमीटर के दायरे में 50000 आरसीबी फैंस की भीड़ जुट गई। पुलिस ने ऐसे में हालात को ठीक करने के लिए हल्का लाठीचार्ज भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *