कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने दिया इस्तीफा, कांग्रेस हाईकमान से मिला राज्यसभा का ऑफर ठुकराया
नई दिल्ली। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने आखिरकार इस्तीफा दे दिया है। सीएम पद इस्तीफा देने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए सिद्धारमैया कुछ भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि मैंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि एक दिन मैं एमएलए, मंत्री या मुख्यमंत्री बनूंगा। मैं तो इत्तेफाक से राजनीति में आ गया, क्योंकि मेरे परिवार में कोई भी राजनीति में नहीं था। सिद्धारमैया बोले, जैसा पार्टी हाईकमान ने कहा मैंने वैसा ही किया। सिद्धारमैया ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने मुझे राज्यसभा भेजने की पेशकश की, लेकिन मैंने इस प्रस्ताव को विनम्रता से अस्वीकार कर दिया क्योंकि मुझे राष्ट्रीय राजनीति में कोई दिलचस्पी नहीं है। मैंने पहले भी कहा था कि जब भी हाईकमान मुझे निर्देश देगा, मैं इस्तीफा दे दूंगा इसलिए, मैं आज अपना इस्तीफा दे रहा हूं। सिद्धारमैया का कहना है कि मैं राज्य की राजनीति में बना रहूंगा क्योंकि मेरे पास अभी भी विधायक के रूप में दो साल का कार्यकाल बाकी है।
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने बताया कि कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत फिलहाल शहर से बाहर हैं इसलिए उन्होंने लोकभवन पहुंचकर राज्यपाल के विशेष सचिव प्रभु शंकर को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। हाई कमांड के निर्देश पर मैंने आज अपना इस्तीफा सौंप दिया है। मुझे पूरा विश्वास है कि राज्यपाल वापस आने के बाद मेरा इस्तीफा स्वीकार कर लेंगे, क्योंकि यह संविधान अनुरूप है। हमारे पास पूर्ण बहुमत है। सिद्धारमैया ने सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री बनने से लेकर आज तक, मेरे साथ काम करने वाले मेरे सहयोगियों ने मेरे प्रति हर तरह का समर्थन, सहयोग और प्यार दिखाया है। मैं उन सभी लोगों का मेरे प्रति उनके प्यार और विश्वास के लिए धन्यवाद करना चाहता हूं। आपको बता दें कि सिद्धारमैया के इस्तीफा देने के साथ ही कर्नाटक में नेृतत्व परिवर्तन को लेकर जारी अटकलों पर भी अब विराम लग गया है। हालांकि नए मुख्यमंत्री के नाम का एलान अभी तक कांग्रेस नेतृत्व के द्वारा नहीं किया गया है मगर यह लगभग तय है कि अब डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार प्रदेश के नए मुख्यमंत्री होंगे। शिवकुमार ने आज सुबह ब्रेकफास्ट मीटिंग में सिद्धारमैया के पैर छूकर आशीर्वाद लिया था।
