सिद्धारामैया ने कर्नाटक का सीएम पद छोड़ने का किया एलान, डीके शिवकुमार ने छुए पैर
बेंगलुरु। कर्नाटक के सीएम सिद्धारामैया ने आखिरकार पद से इस्तीफे का एलान कर दिया है। सिद्धारामैया ने अपने सरकारी आवास में आज कर्नाटक के मंत्रियों को ब्रेकफास्ट पर बुलाया था। जहां सिद्धारामैया ने सीएम पद छोड़ने का एलान किया। इससे पहले एक ऐसी तस्वीर आई, जिससे साफ हो गया था कि सिद्धारामैया सीएम पद छोड़ने वाले हैं। इस तस्वीर में कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार को सिद्धारामैया के पैर छूते हुए देखा गया। सिद्धारामैया के पैर छूने के बाद शिवकुमार उनसे गले भी मिले। इस दौरान सिद्धारामैया के चेहरे पर कोई शिकन नहीं थी। सिद्धारामैया ने अपने सरकारी आवास पर मंत्रियों को ब्रेकफास्ट पर बुलाया। जहां डीके शिवकुमार भी पहुंचे थे और वो टेबल पर हमेशा की तरह सिद्धारामैया के बिल्कुल बगल में बैठे।
इससे पहले सिद्धारामैया और डीके शिवकुमार को कांग्रेस हाईकमान ने दिल्ली तलब कर लंबी बातचीत की थी। तभी से अटकलें लगने लगीं कि कर्नाटक के सीएम पद से सिद्धारामैया को हटाकर कांग्रेस हाईकमान अब डीके शिवकुमार की ताजपोशी करना चाहता है। हालांकि, कांग्रेस ने सिद्धारामैया को हटाकर शिवकुमार को सीएम बनाए जाने की अटकलों को गलत बताया था। कांग्रेस ने कहा था कि राज्यसभा और कर्नाटक विधान परिषद चुनावों के लिए रणनीति बनाने के वास्ते उसने सीएम और डिप्टी सीएम को बुलाकर चर्चा की। वहीं, सिद्धारामैया ने भी सीएम पद छोड़ने के मसले पर चुप्पी साध ली थी। सिद्धारामैया ने कहा था कि वो गुरुवार को बात करेंगे।
कांग्रेस ने 2023 में कर्नाटक विधानसभा चुनाव जीतकर सरकार बनाई थी। सिद्धारामैया और शिवकुमार के बीच तभी से सीएम पद के लिए खींचतान की खबरें आती रहीं। हालांकि, दोनों ने ही खुलकर कभी इस बारे में कुछ नहीं कहा। डीके शिवकुमार के समर्थक हालांकि लगातार ये दावा करते रहे कि कांग्रेस हाईकमान ने सिद्धारामैया और उनके नेता को ढाई-ढाई साल सीएम बनाने का वादा किया था। इस तरह करीब एक साल से ऊपर हो गया, जब लगातार ये अटकलें लगती रहीं कि सिद्धारामैया कब सीएम पद से इस्तीफा देंगे। हालांकि, हर बार अटकलें गलत साबित हुईं। उधर, खास बात ये भी है कि कर्नाटक के गवर्नर थावरचंद गहलोत परिवार में इमरजेंसी के कारण मध्य प्रदेश स्थित घर चले गए हैं। अभी ये नहीं पता कि गवर्नर कब वापस लौटेंगे।
