April 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

जेपी नड्डा ने गिनाईं मोदी सरकार की 11 साल की खास उपलब्धियां, राहुल गांधी के लिए कह दी बड़ी बात

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र की बीजेपी सरकार के आज 11 साल पूरे होने के अवसर पर केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। तीन तलाक से मुस्लिम महिलाओं को आजादी, जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाना, जीएसटी लागू करने का ऐतिहासिक फैसला, प्रधानमंत्री अन्न योजना, नई शिक्षा नीति, समेत मोदी सरकार के बहुत से फैसलों के विषय में उन्होंने विस्तार से बात की। इस दौरान उन्होंने उरी हमला, पुलवामा अटैक का भी जिक्र किया। साथ ही उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की आलोचना भी की। राहल के द्वारा विदेश नीति और ऑपरेशन सिंदूर पर सवाल उठाने पर नड्डा बोले, वो गैरजिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभा रहे हैं, भगवान उन्हें सद्बुद्धि दे।

जेपी नड्डा ने कहा कि एनडीए सरकार इस कार्यकाल को तो पूरा करेगी ही, बल्कि इसके बाद भी सत्ता में आएगी और अपना कार्यकाल पूरा करेगी। नड्डा बोले, 2014 से पहले पिछली सरकार भ्रष्टाचार और नकारात्मकता से भरी हुई थी, लेकिन 2014 के बाद हमने सकरात्मकता देखी। आज भारत का आम नागरिक कहता है कि ‘मोदी है तो मुमकिन है’। पिछले 11 वर्षों में हम ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के मंत्र को लेकर आगे बढ़े हैं। देश मान चुका था कि ये संभव नहीं है, लेकिन मोदी सरकार ने जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाया, लोकसभा में जम्मू कश्मीर में वोटिंग प्रतिशत 58.46 प्रतिशत रहा, जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव में 63 प्रतिशत वोटिंग हुई। ये बदलाव, मोदी सरकार की साहसिक निर्णय की वजह से आया है।

मोदी सरकार ने ट्रिपल तलाक को खत्म करने का साहसिक फैसला लिया। एक और साहसिक फैसला नया वक्फ अधिनियम बनाना था। इस पर चर्चा चल रही है। कुछ अन्य साहसिक फैसलों में नागरिकता संशोधन अधिनियम, नोटबंदी, 33% महिला आरक्षण शामिल हैं। हम सब जानते हैं कि हमारी अर्थव्यवस्था 10वें स्थान से सीधे 5 वें स्थान पर आ गई और अब तो ये चौथे स्थान पर आ गई है। केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि जीएसटी एक साहसिक निर्णय का उदाहरण है। वर्षों के विचार-विमर्श के बाद, इसे पहले क्यों नहीं लागू किया गया? जीएसटी के साथ, 17 कर, 13 उपकर और अधिभार समाहित हो गए हैं। सभी राज्य एक मंच पर आ गए हैं। आज, कर संग्रह प्रति वर्ष 20.8 लाख करोड़ रुपये है।

पीएम मोदी जी के नेतृत्व में भारत ने कोविड-19 का जिस तरह से मुकाबला किया, वैसा किसी अन्य देश ने नहीं किया। सरकार ने लोगों के साथ मिलकर कोविड के खिलाफ लड़ाई लड़ी। टीकाकरण के खिलाफ विरोध के बावजूद, भारत एकमात्र ऐसा देश है जिसने 220 करोड़ डबल डोज निःशुल्क दिए, जिससे यह दुनिया का सबसे बड़ा और सबसे तेज़ टीकाकरण कार्यक्रम बन गया। यह सरकार की अपने कर्तव्य को पूरा करने की जिम्मेदारी और जवाबदेही को दर्शाता है। जेपी नड्डा ने कहा, जब उरी हमला हुआ था, तो प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में साफ कहा था कि जवाब दिया जाएगा। पहली बार किसी प्रधानमंत्री ने सीधे दुश्मन को इशारा किया, जो पहले किसी प्रधानमंत्री ने नहीं किया था। जो लोग अंतरराष्ट्रीय राजनीति को समझते हैं, उन्हें उस बयान के महत्व को समझना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *