August 12, 2026

Hind foucs news

hindi new update

डोनाल्ड ट्रंप ने तीसरी बार भारत को 21 मिलियन डॉलर दिए जाने पर उठाया सवाल, बीजेपी ने साधा राहुल गांधी पर निशाना

नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने लगातार तीसरी बार भारत में वोटरों की तादाद बढ़ाने के लिए आवंटित 21 मिलियन डॉलर यानी करीब 182 करोड़ रुपए पर सवाल खड़े किए हैं। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि हम भारत में वोटरों की संख्या बढ़ाने के लिए 21 मिलियन डॉलर दे रहे हैं, लेकिन हमारा क्या? अमेरिका के राष्ट्रपति ने कहा कि मैं भी वोटरों की संख्या बढ़ाना चाहता हूं।

डोनाल्ड ट्रंप की तरफ से लगातार भारत को 21 मिलियन डॉलर दिए जाने के बारे में ताजा बयान आने के बाद बीजेपी ने एक बार फिर कांग्रेस नेता राहुल गांधी को निशाने पर लिया है। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने एक्स पर लिखा कि डीप स्टेट को बांग्लादेश में कामयाबी मिली, लेकिन भारत में वो सत्ता परिवर्तन नहीं करा सके। बीजेपी प्रवक्ता ने लिखा कि जांच में पता चल जाएगा कि अमेरिका से रकम किनको मिली। राहुल गांधी और उनके साथियों का इरादा भारत के लोकतंत्र को अस्थिर करना था।

दरअसल, इस मामले में सियासत गर्माई हुई है। बीजेपी का कहना है कि कांग्रेस और विपक्षी दल चाहते थे कि भारत में मोदी सरकार को सत्ता से हटाया जाए। इस वजह से अमेरिका से 21 मिलियन डॉलर दिए जाने थे। वहीं, अंग्रेजी अखबार इंडियन एक्सप्रेस ने शुक्रवार को खबर छापी कि ये रकम भारत नहीं बांग्लादेश को दी जानी थी। जिसके बाद कांग्रेस ने बीजेपी पर झूठ का प्रचार करने का आरोप लगाया। वहीं, सवाल ये भी खड़ा हुआ कि अखबार ने जो खबर छापी है उसमें 2022 का मामला बताया गया है। जबकि, अमेरिकी सरकार के डीओजीई DOGE विभाग ने कहा है कि भारत को 21 मिलियन डॉलर वोटरों की संख्या बढ़ाने के लिए दिए जाने थे, लेकिन इसे रोक लिया गया। वहीं, डोनाल्ड ट्रंप ने भी ये कहा था कि शायद इतनी रकम देकर वे (बाइडेन सरकार) भारत में सत्ता परिवर्तन कराना चाहती थी। अब डोनाल्ड ट्रंप के लगातार तीसरी बार इस बारे में बयान देने से बीजेपी को फिर कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधने का मौका मिल गया है।