March 13, 2026

Hind foucs news

hindi new update

भारत में कोरोना के एक्टिव मामलों की संख्या 7 हजार के पार, 24 घंटों में 6 लोगों की मौत

नई दिल्ली। भारत में कोरोना के मामलों की संख्या अब 7 हजार के पार पहुंच चुकी है। मौजूदा समय में कोविड-19 के एक्टिव केस 7121 दर्ज किए गए हैं। वहीं पिछले 24 घंटों में कोविड संक्रमित 6 लोगों की मौत हुई है। कोरोना से सबसे ज्यादा संक्रमित मामले केरल में मिले हैं। जबकि गुजरात, पश्चिम बंगाल और देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी कोरोना संक्रमित लोगों की अच्छी खासी संख्या है। पिछले 10 दिनों में पूरे देश में कोरोना के 3000 नए केस सामने आए हैं। राहत की बात यह है कि बीते 24 घंटों में कोविड संक्रमित 929 लोग स्वस्थ भी हुए हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार राज्यवार कोरोना संक्रमण केसों की बात करें तो केरल में सर्वाधिक 2223 सक्रिय मामले हैं। इसी तरह गुजरात में भी संख्या 1000 के पार पहुंच गई है। 223 नए केस मिलने के बाद अब गुजरात में कोविड संक्रमण के कुल मामले 1223 हो गए हैं। दिल्ली में 757, पश्चिम बंगाल में 747, महाराष्ट्र में 615, उत्तर प्रदेश में 229, तमिलनाडु में 204, राजस्थान में 138 और हरियाणा में 125 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। हरियाणा के पंचकुला में कोरोना संक्रमित 3 मरीजों की पुष्टि हुई है।

हालांकि अभी भी बहुत से ऐसे राज्य हैं जहां कोविड-19 से संक्रमण का एक भी मामला सामने नहीं आया है। आईसीएमआर के डायरेक्टर डॉ. राजीव बहल का कहना है कि कोविड के जो भी मामले मिले हैं वो गंभीर नहीं है इसलिए इसे लेकर बहुत ज्यादा घबराने की जरूरत नहीं हैं, लेकिन सतर्कता जरूरी है। भारत में अभी तक कोविड 19 के सबसे ज्यादा संक्रमित JN.1 वैरिएंट के मिले हैं। आधे से ज्यादा लोगों में कोरोना का यही वैरिएंट पाया गया है। इसके अलावा कोरोना के जिन वैरिएंट की सीक्वेंसिंग की गई है, उनमें LF.7, XFG और NB.1.8.1 सीरीज के हैं। हालांकि इनमें से कोई अत्यधित गंभीर नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *