March 13, 2026

Hind foucs news

hindi new update

वेटिंग टिकट वाले यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे का अहम फैसला, 24 घंटे पहले रिजर्वेशन चार्ट बनाने की योजना देशभर में होगी लागू

नई दिल्ली। यात्रियों को सुविधाएं देने के लिए रेलवे लगातार नए फैसले कर रही है। रेलवे ने ताजा फैसला वेटिंग लिस्ट वाले यात्रियों के लिए की है। रेलवे ने तय किया है कि अब रिजर्वेशन चार्ट 24 घंटे पहले बनेगा। इससे वेटिंग टिकट वाले यात्रियों को पता चलेगा कि उनकी सीट कन्फर्म हुई है या नहीं। अब तक रेलवे ट्रेन छूटने के समय से 4 घंटे पहले रिजर्वेशन चार्ट बनाता रहा है। इससे वेटिंग टिकट वाले यात्रियों को यात्रा से कुछ पहले ही पता चलता था कि उनकी सीट कन्फर्म हुई है या नहीं। रिजर्वेशन चार्ट 24 घंटे पहले जारी करने का ट्रायल 6 जून से रेलवे ने बीकानेर डिविजन में शुरू किया है।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव बीती 21 मई को बीकानेर के दौरे पर थे। वहां रेलवे के अफसरों ने सुझाव दिया था कि रिजर्वेशन चार्ट 24 घंटे पहले अगर बन जाए, तो वेटिंग टिकट वाले यात्रियों में उहापोह की स्थिति नहीं रहेगी। रेल मंत्री ने इस प्रस्ताव को तत्काल मान लिया और ट्रायल पर इसे बीकानेर मंडल में लागू करने को कहा। बीकानेर डिविजन में 24 घंटे पहले रिजर्वेशन चार्ट बनाने का ट्रायल सफल रहा है। बताया जा रहा है कि आने वाले वक्त में पूरे भारत में ट्रेन चलने से 24 घंटे पहले रेलवे रिजर्वेशन चार्ट बना देगा। इससे यात्रियों को काफी सुविधा होगी। वेटिंग टिकट वाले यात्रियों के पास मौका होगा कि वे अपने गंतव्य की तरफ यात्रा करने के लिए अगला फैसला ले सकें।

रेलवे सूत्रों के अनुसार 24 घंटे पहले रिजर्वेशन चार्ट बनाया जाना शुरू करने के ट्रायल के पहले चार दिन में ही यात्रियों को बड़ी सुविधा होते देखी गई। पहले ट्रेन चलने से कुछ पहले ही रिजर्वेशन चार्ट बनाए जाने के कारण वेटिंग टिकट वाले यात्रियों को अंत तक इंतजार करना पड़ता था। उनकी सीट कन्फर्म न होने के कारण तमाम मुश्किलें भी होती थीं।

रेलवे सूत्रों के मुताबिक दिल्ली-बिहार, यूपी-मुंबई और बंगाल-गुजरात के बीच चलने वाली ट्रेनों में सबसे ज्यादा यात्री सफर करते हैं। ऐसे में इन राज्यों के बीच चलने वाली ट्रेनों में रिजर्वेशन की ज्यादा मांग रहती है। यात्री ये सोचकर वेटिंग टिकट भी ले लेते हैं कि दूसरे लोग अगर टिकट कैंसल कराएंगे, तो उनको सीट मिल सकती है। सूत्रों के मुताबिक 24 घंटे पहले रिजर्वेशन चार्ट बनने से रेलवे को भी यात्रा संबंधी योजना बनाने में मदद मिलेगी। रेलवे को पता चल जाएगा कि वो और कितने यात्रियों को संबंधित ट्रेन में सीट देने के लिए अतिरिक्त कोच लगा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *