May 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

थाने के बाहर युवक की हत्या: जिसकी FIR कराने आया था, उसी ने चार गोलियां मारीं; परिजनों का हंगामा, सड़क जाम

        रविन्द्र बंसल प्रभारी यूपी, यूके / हिंद फोकस न्यूज़                                                                                             

 

थाने के बाहर युवक की हत्या: जिसकी FIR कराने आया था, उसी ने चार गोलियां मारीं; परिजनों का हंगामा, सड़क जाम

गाजियाबाद के मुरादनगर थाने के बाहर बुधवार को युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक अपने पिता और भाई के साथ आरोपियों की शिकायत करने थाने पहुंचा था। तभी बाहर मौजूद हमलावरों ने घेरकर उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। सीने में चार गोलियां मारी गईं।

 

गोलियों की आवाज सुनकर पुलिसकर्मी दौड़े, लेकिन आरोपी फरार हो गए। युवक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। बताया गया कि वारदात से पहले कार खड़ी करने को लेकर युवक और आरोपियों में कहासुनी हुई थी।

 

इसके बाद आरोपी युवक के घर पहुंचे और दो राउंड फायरिंग की। पिता ने पुलिस को सूचना दी, दरोगा मौके पर पहुंचा और थाने में तहरीर देने को कहा। जैसे ही युवक पिता व भाई के साथ थाने पहुंचा, आरोपी पीछे-पीछे आ गए और हमला कर दिया।

 

हत्या के बाद ग्रामीणों ने थाने के बाहर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस अधिकारी लोगों को शांत करने की कोशिश कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं होंगे, प्रदर्शन खत्म नहीं होगा।

 

भाई विकास ने बताया कि वह भी साथ था। जैसे ही थाने पहुंचे, आरोपी आकर फायरिंग करने लगे और फरार हो गए।

 

पूरा मामला मुरादनगर के मिल्क रावली गांव का है। पिता श्रीपाल शर्मा ने बताया कि रात में भतीजी को ऑटो में बैठाने गए थे। रास्ते में कार रोकने को लेकर गांव के मोंटी से कहासुनी हो गई। एक घंटे बाद मोंटी अपने साथियों के साथ घर पहुंचा और गेट पर दो राउंड फायरिंग की।

 

पुलिस को सूचना दी गई। दरोगा ने थाने बुलाया। मैं दोनों बेटों और एक पड़ोसी के साथ थाने गया। हम तीनों अंदर चले गए, बड़ा बेटा बाहर रह गया। तभी मोंटी और अजय वहां पहुंचे और गोली चला दी।

 

गोली की आवाज सुन हम दौड़े। बेटा लहूलुहान हालत में मिला। अस्पताल ले गए, लेकिन जान नहीं बची।

 

पड़ोसी राजकुमार ने बताया कि रवि के सीने में चार गोलियां लगीं। एक गोली उनके पास से निकली। उन्होंने कहा- पुलिस मौके पर वीडियो बनाती रही, कोई कार्रवाई नहीं की।

 

भाई विकास ने कहा कि हमलावरों ने मुझ पर भी फायरिंग की। मैं किसी तरह भागकर बचा। थोड़ी देर बाद लौटा तो भाई खून से लथपथ पड़ा था।

 

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अजय पहले रेप के मामले में जेल जा चुका है और 15 दिन पहले ही रिहा हुआ था।

 

एडिशनल पुलिस कमिश्नर आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। थानेदार की भूमिका की भी जांच की जा रही है।                                                                                                  पुलिस कमिश्नर रविन्द्र जे गौड़ ने घटना के बाद लोगों के आक्रोश को देखते हुए मुरादनगर थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह तोमर, उपनिरीक्षक सूबे सिंह, उपनिरीक्षक मोहित सिंह को किया निलंबित

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *