शाहजहांपुर का जलालाबाद अब होगा परशुराम पुरी, योगी कैबिनेट ने नाम बदलने के प्रस्ताव को दी मंजूरी
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आज राजधानी लखनऊ में कैबिनेट बैठक हुई। शाहजहांपुर जिले के जलालाबाद कस्बे का नाम बदलकर परशुराम पुरी किए जाने पर कैबिनेट ने अपनी मुहर लगा दी। बैठक में कई अन्य प्रस्तावों पर कैबिनेट ने अपनी मंजूरी दी। जलालाबाद भगवान परशुराम की जन्मस्थली है और इसी वजह से उस जगह का नाम परशुराम पुरी किया गया है। पिछले काफी लंबे समय से जलालाबाद का नाम बदलने की मांग उठ रही थी। शाहजहांपुर नगर पालिका परिषद ने मार्च 2018 और सितंबर 2023 में हुई बोर्ड बैठकों में इस प्रस्ताव को पारित किया था।
इससे पहले भी योगी सरकार प्रदेश के कई जिलों जैसे इलाहाबाद अब प्रयागराज, फैजाबाद अब अयोध्या समेत कई अन्य कस्बों और रेलवे स्टेशनों जैसे झांसी अब वीरांगना रानी लक्ष्मी बाई और मुगलसराय अब दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन का नाम बदल चुकी है।
योगी कैबिनेट में इन मुख्य प्रस्तावों पर लगी मुहर
– होमगार्ड और उनके आश्रित परिवार को 5 लाख रुपए का कैशलेस इलाज के प्रस्ताव को योगी कैबिनेट ने मंजूर कर लिया है।
– यूपी स्टार्टअप मिशन गठन के प्रस्ताव को कैबिनेट की मंजूरी। यूपी स्टार्टअप के लिए 1000 करोड़ रुपये का फंड मंजूर।
– स्टार्टअप और इन्क्यूबेशन इकोसिस्टम को मिलेगा बढ़ावा। स्टार्टअप के लिए एंपावरमेंट कमेटी बनाने का फैसला। चीफ सेक्रेटरी स्टार्टअप मिशन की डायरेक्टरेट बॉडी के हेड होंगे।
– सीएम जोखिम पशुधन बीमा प्रबंधन योजना को मंजूरी। पशुओं के बीमा में किसान का अंश केवल 15 फीसदी होगा। दैवीय आपदा, बीमारी और हादसे पर मिलेगा पशुधन बीमा। मुर्रा भैंस का बीमा मूल्य 75 हजार रुपये तय।
– गोरखपुर नगर निगम के लिए 80 करोड़ और मुरादाबाद नगर निगम के लिए 50 करोड़ रुपए के बॉन्ड जारी करने का प्रस्ताव पास
– यूपी डाटा सेंटर नीति को फिर से लागू किया जाएगा।
– AKTU को 400 करोड़ रुपये का योगदान।
– बिल्हौर में महर्षि योगी इंटरनेशनल कृषि विश्वविद्यालय को मंजूरी।
– फतेहपुर और गाजियाबाद में नए विश्वविद्यालयों की स्थापना को मंजूरी।
