April 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

अब शुरू हुआ सीजफायर, न करें उल्लंघन, डोनाल्ड ट्रंप ने नया बयान जारी कर ईरान और इजरायल से की अपील

नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नया बयान जारी करते हुए कहा है कि अब ईरान और इजरायल के बीच सीजफायर शुरू हो गया है। इसी के साथ उन्होंने दोनों देशों से अपील की है कि इसे न तोड़ें। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि ईरान के साथ सीजफायर के डोनाल्ड ट्रंप का प्रस्ताव स्वीकार करते हैं। नेतन्याहू ने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप के समर्थन से हमने इजरायल पर ईरान के परमाणु खतरे को खत्म कर दिया है इसके लिए उन्होंने ट्रंप को धन्यवाद भी दिया।

ट्रंप ने इससे पहले आज सुबह भी ईरान और इजरायल के बीच युद्धविराम का ऐलान किया था मगर कुछ ही देर बाद ईरान ने इजरायल पर मिसाइल दाग दी थी। इसमें 3 से 4 लोग मारे भी गए। हालांकि इस हमले के तुरंत बाद ईरान के सरकारी टीवी चैनल ने दावा किया है कि अब सीजफायर लागू हो गया है। इस हमले के बाद इजरायल डिफेंस फोर्स ने कहा था कि ईरान की ओर से मिसाइल लॉन्च किए जाने के कारण इजरायल में सायरन बज रहे हैं। ईरान के हमले के बाद इजरायल के बीयर शेवा शहर का एक वीडियो भी सामने आया जिसमें रिहायशी इमारत को ध्वस्त होते देखा जा सकता है।

उधर, इजरायल ने सीजफायर को स्वीकार करते हुए कहा कि युद्धविराम का किसी भी तरह से उल्लंघन हुआ तो पूरी ताकत से जवाब दिया जाएगा। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सीजफायर के ऐलान के बाद इजरायल ने अपना एयरस्पेस खोल दिया है। इससे पहले सोमवार देर रात ईरान ने कतर पर मिसाइल अटैक किया था। ईरान ने दोहा में अमेरिकी एयरबेस पर कई मिसाइलें दागी थीं। ऐसा माना जा रहा था कि अब यह युद्ध और भयानक रूप लेगा, लेकिन आज सुबह अचानक ट्रंप ने ऐलान किया कि ईरान और इजरायल सीजफायर के लिए मान गए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *