April 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

मौसम विभाग ने इन जगहों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया, जानिए दिल्ली समेत उत्तर भारत के बाकी जगह कब से मॉनसून दिखाएगा असर?

नई दिल्ली। एक तरफ जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में जोरदार बारिश हो रही है। वहीं, देश की राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के बाकी राज्यों में अब भी मॉनसून की बारिश का लोगों को इंतजार है। ताकि वे पसीने से सराबोर करने वाली उमस से राहत पा सकें। मौसम विभाग ने अनुमान लगाया था कि बुधवार को दिल्ली और उत्तर भारत में मॉनसून पहुंच जाएगा और बारिश होगी। ऐसा नहीं हुआ। मौसम विभाग ने अब एक बार फिर अनुमान लगाया है कि आज से दिल्ली और उत्तर प्रदेश समेत आसपास के राज्यों में मॉनसून की बारिश का सिलसिला शुरू होगा। उधर, ओडिशा समेत पूर्वी भारत और देश के पूर्वोत्तर में बारिश जारी है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि हिमाचल प्रदेश में तमाम जगह भारी बारिश जारी रहेगी। यहां कई जगह बारिश का येलो अलर्ट जारी हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक भारी बारिश से हिमाचल प्रदेश के शिमला, कांगड़ा, सिरमौर और चंबा में नदियों में बाढ़ आने की आशंका है। हिमाचल प्रदेश के बंजार, कुल्लू और मनाली में बुधवार को बादल फटने की घटनाएं हुई थीं। धर्मशाला में बन रहे हाइड्रो इलेक्ट्रिक पावर प्लांट में काम कर रहे 10 मजदूर भी बादल फटने के बाद लापता हो गए। इनमें से 2 के शव मिले हैं। सैंज में भी बादल फटने से 3 लोग बह गए। वहीं, कई जगह मलबा और पानी के कारण पर्यटक भी फंसे हैं। मौसम विभाग ने जम्मू जिले में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कश्मीर के इलाकों में भी बारिश का मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है।

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार तक तक राजस्थान के जैसलमेर, जोधपुर, उदयपुर और बीकानेर में बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं, शुक्रवार से पूर्वी राजस्थान में भी काफी बारिश होने के आसार हैं। पूरे मध्य प्रदेश में शनिवार तक भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार मध्य प्रदेश के ऊपर 2 ट्रफ गुजर रही हैं। वहीं, राज्य में चक्रवातीय परिसंचरण भी हो रहा है। इसकी वजह से मध्य प्रदेश में लोगों को जबरदस्त बारिश का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने पहले बताया था कि इस साल मॉनसून में औसत से ज्यादा बारिश होने की संभावना है। पिछले साल भी औसत से ज्यादा बारिश हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *