भारत में आतंकवाद फैलाने वाले पाकिस्तान पर डोनाल्ड ट्रंप मेहरबान क्यों?, हो गया खुलासा
वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पाकिस्तान पर मेहरबान हैं। डोनाल्ड ट्रंप ने पाकिस्तान सेना के फील्ड मार्शल आसिम मुनीर को अपने घर पर लंच दिया। ट्रंप ने बीते दिनों ही पाकिस्तान को भारत के साथ ताकतवर देशों की श्रेणी में रख दिया। डोनाल्ड ट्रंप लगातार ये दावा भी करते हैं कि भारत और पाकिस्तान का सैन्य संघर्ष भी उन्होंने रुकवाया है। ऐसे में ये चर्चा होती रही है कि आखिर भारत और पीएम नरेंद्र मोदी को अपना दोस्त बताने वाले डोनाल्ड ट्रंप पाकिस्तान को इतनी तरजीह क्यों दे रहे हैं? इस अहम सवाल का अब खुलासा हो गया है कि आखिर ट्रंप के नेतृत्व वाली अमेरिका की सरकार के लिए पाकिस्तान इतना महत्वपूर्ण क्यों बन गया है?
अमेरिका के विदेश विभाग के आतंकवाद निरोधक कार्रवाई देखने वाले ग्रेगरी डी. लोगेरफो का ताजा बयान बता रहा है कि आखिर ट्रंप किस वजह से लगातार पाकिस्तान से यारी दिखा रहे हैं। लोगेरफो ने गुरुवार को बयान दिया कि पाकिस्तान के साथ अमेरिका की साझेदारी के अच्छे नतीजे मिले हैं। विदेश विभाग के प्रमुख अफसर ग्रेगरी ने ये भी कहा कि पाकिस्तान ने एबे गेट बम धमाका करने वाले को अमेरिका को सौंपा है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान आतंकी संगठन आईएसआईएस के खिलाफ लड़ाई में अमेरिका से साझेदारी भी कर रहा है। अमेरिका के विदेश विभाग के अफसर ग्रेगरी डी. लोगेरफो के ताजा बयान ने ये भी साफ कर दिया है कि फिलहाल ट्रंप सरकार पाकिस्तान को अपनी गोद में बिठाकर रखने वाली है।
अमेरिका और भारत के बीच रणनीतिक साझेदारी है। डोनाल्ड ट्रंप जब पहले अमेरिका के राष्ट्रपति थे, तब उन्होंने कई बार पाकिस्तान पर निशाना साधा था। ट्रंप ने अपने पहले कार्यकाल में पाकिस्तान की जगह भारत को तरजीह दी, लेकिन अपने दूसरे कार्यकाल में डोनाल्ड ट्रंप पाकिस्तान के बारे में ऐसे बयान और कदम उठा रहे हैं कि भारत को चिंता होना स्वाभाविक है। पहले माना जा रहा था कि चीन के चंगुल से पाकिस्तान को छुड़ाने की खातिर डोनाल्ड ट्रंप भारत के इस पड़ोसी दुश्मन देश को तरजीह दे रहे हैं, लेकिन अब उनके ही विदेश विभाग के अफसर ने बता दिया है कि आखिर ट्रंप के पाकिस्तान प्रेम की असल वजह क्या है।
