इंटरनेशनल

बांग्लादेश में तारिक रहमान का प्रधानमंत्री बनना तय, पीएम नरेंद्र मोदी ने दी बधाई, उधर से भी आया जवाब

शेयर करें:

नई दिल्ली। बांग्लादेश में हुए आम चुनाव के नतीजों में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने प्रचंड बहुमत के साथ जीत हासिल की है। कुल 299 सीटों में से बीएनपी ने 209 पर जीत हासिल कर बहुमत के आंकड़े (150) सीट को पार कर लिया है। अब तक 286 सीटों के नतीजे घोषित हो चुके हैं। वहीं जमात-ए-इस्लामी के नेतृत्व वाले गठबंधन दलों की अभी तक सिर्फ 70 सीटों पर जीत हुई है। बीएनपी के नेता और पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान का प्रधानमंत्री बनना तय माना जा रहा है। बीएनपी की इस जीत पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बधाई दी है।

मोदी ने सोशल मीडिया के जरिए तारिक रहमान को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह जीत बांग्लादेश की जनता के आपके नेतृत्व पर विश्वास को दर्शाती है। भारत लोकतांत्रिक, प्रगतिशील और समावेशी बांग्लादेश के प्रति अपना समर्थन जारी रखेगा। मैं आपके साथ मिलकर भारत और बांग्लादेश के बहुआयामी संबंधों को मजबूत करने और हमारे साझा विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए तत्पर हूं। वहीं प्रधानमंत्री की बधाई पर बीएनपी की ओर से प्रतिक्रिया भी आई है।

बीएनपी की चुनाव समन्वय समिति के प्रमुख नजरुल इस्लाम खान ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, हम अपनी पार्टी की ओर पीएम मोदी को धन्यवाद देते हैं। हमें विश्वास है कि हमारे नेता तारिक रहमान के नेतृत्व में भारत और बांग्लादेश दोनों देशों और हमारे लोगों के बीच संबंध मजबूत होंगे। बता दें कि तारिक रहमान भ्रष्टाचार के आरोप में घिरने के बाद 2008 में लंदन चले गए थे। उसके बाद 25 दिसंबर 2025 को लगभग 17 साल बाद वो अपने वतन बांग्लादेश वापस लौटे। उनके लौटने के पांच दिन बाद ही उनकी मां खालिदा जिया का इंतकाल हो गया। फिर  तारिक ने पार्टी की कमान संभाली और उनके ही नेतृत्व में बीएनपी ने यह चुनाव लड़ा। अब जब बीएनपी ने बहुमत हासिल कर लिया है तो ऐसा माना जा रहा है कि तारिक रहमान कल यानी शनिवार को प्रधानमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।

Ad Zone: in_content

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें