अमेरिका में भारतीय छात्र का चार दिन से कुछ अता-पता नहीं, दूतावास ने जताई चिंता, पुलिस कर रही तलाश
नई दिल्ली। अमेरिका में एक भारतीय छात्र का चार दिन से कुछ अता-पता नहीं है। कर्नाटक का रहने वाला छात्र साकेत श्रीनिवासैया बर्कले विश्वविद्यालय से पोस्ट-ग्रेजुएट की पढ़ाई कर रहा है। श्रीनिवासैया के रूम मेट बनेत सिंह ने अपने दोस्त के लापता होने की जानकारी दी। वहीं छात्र के लापता होने की जानकारी मिलते ही अमेरिकी पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है।
इस बीच सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने साकेत श्रीनिवासैया के गुमशुदा होने पर चिंता व्यक्त की है। दूतावास की ओर से बयान जारी कर बताया गया है कि वो छात्र के परिवार के संपर्क में है और छात्र का पता लगाने के लिए संबंधित स्थानीय अधिकारियों से भी बातचीत हो रही है।
लापता छात्रा श्रीनिवासैया के साथ रहने वाले श्रीबनेत सिंह ने भी लिंकडइन पर एक पोस्ट किया है इसमें उन्होंने बताया है कि मेरा रूममेट साकेत श्रीनिवासैया सोमवार, 9 फरवरी से लापता है। उसे आखिरी बार बर्कले हिल्स में लेक अंजा के पास देखा गया था। अगर मेरे किसी परिचित को इस इलाके में ऐसे लोग पता हों जिन्होंने उसे हाल ही में देखा हो, तो कृपया मुझे जानकारी दें। मैं पुलिस के साथ मिलकर श्रीनिवासैया को तलाश करने के प्रयास कर रहा हूं। यह हमारे लिए बहुत मुश्किल समय है। कोई भी ऐसी जानकारी जिससे मदद मिल सके, कृपया हमें दें।
आपको बता दें कि 22 वर्षीय श्रीनिवासैया ने आईआईटी मद्रास से 2025 में बी.टेक की पढ़ाई पूरी कर डिग्री हासिल की। उसके बाद आगे की पढ़ाई के लिए वो अमेरिका आए। यहां उन्होंने बर्कले यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया के केमिकल एंड बायोमॉलीकुलर इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट में पोस्ट ग्रेजुएशन के लिए एडमिशन लिया। बता दें कि पहले भी कई भारतीय छात्र अमेरिका में लापता हो चुके हैं। भारतीयों को अक्सर नस्लभेदी घटनाओं का शिकार होना पड़ता है। हालांकि भारत सरकार विदेश में रहने वाले भारतीय छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देती है।
