April 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

‘राहुल गांधी के पास अब भी हलफनामा देकर शिकायत करने का वक्त’, वोट चोरी के आरोप पर चुनाव आयोग ने फिर कहा- वरना मांगें देश से माफी

नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने एक बार फिर कहा है कि लोकसभा में नेता विपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के पास वक्त है कि वो कर्नाटक के सीईओ की ओर से पहले भेजी चिट्ठी पर हलफनामा दें या देश से माफी मांगें। इससे पहले रविवार को कर्नाटक, महाराष्ट्र और हरियाणा के सीईओ ने राहुल गांधी को हलफनामा देने के लिए फिर कहा था। राहुल गांधी ने बीते दिनों आरोप लगाया था कि चुनाव आयोग वोटों की चोरी कर रहा है। राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव आयोग पर आरोप लगाया था। जिस पर चुनाव आयोग ने उनसे हलफनामा देकर शिकायत करने के लिए कहा था।

कर्नाटक के राज्य निर्वाचन आयोग ने रविवार को राहुल गांधी को दोबारा चिट्ठी भेजकर कहा था कि वो एक महिला वोटर की ओर से दो बार वोट डालने संबंधी आरोप के बारे में हलफनामा देकर शिकायत करें। कर्नाटक राज्य निर्वाचन आयोग ने अपनी चिट्ठी में कहा था कि राहुल गांधी ने जिस महिला वोटर पर दो बार वोट देने का आरोप लगाया, उन्होंने इससे साफ इनकार किया है। राहुल गांधी ने बीते दिनों अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में कई उदाहरण देते हुए चुनाव आयोग पर संगीन आरोप लगाए थे। राहुल गांधी ने यूपी के दो लोगों का उदाहरण भी दिया था। राहुल गांधी का दावा है कि इन लोगों के नाम यूपी के अलावा महाराष्ट्र और कर्नाटक की वोटर लिस्ट में भी हैं। इनमें से एक युवक ने मीडिया को बताया था कि राहुल गांधी का दावा गलत है।

राहुल गांधी के आरोपों को अब तक चुनाव आयोग गलत बताता रहा है। चुनाव आयोग का कहना है कि राहुल गांधी हलफनामा देकर शिकायत करें, तो जांच की जाएगी। चुनाव आयोग ने राहुल गांधी को भेजी चिट्ठी में ये भी लिखा है कि अगर शिकायत गलत पाई गई, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी। वहीं, राहुल गांधी का कहना है कि उन्होंने सार्वजनिक तौर पर आरोप लगाए हैं। राहुल गांधी का ये भी कहना है कि उन्होंने सांसद के तौर पर शपथ ली है। ऐसे में अलग से चुनाव आयोग हलफनामा न मांगकर उनकी शिकायत पर कार्रवाई करे। वहीं, बीजेपी इस मुद्दे पर राहुल गांधी को घेर रही है। बीजेपी के नेताओं का कहना है कि राहुल गांधी चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था पर अनाप-शनाप आरोप लगाकर बचने की कोशिश कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *