June 1, 2026

Hind foucs news

hindi new update

मेरठ के बाद अब राजस्थान के अलवर में युवक की हत्या कर नीले ड्रम में छिपाया शव, मृतक की पत्नी और तीन बच्चों के अलावा मकान मालिक का बेटा भी लापता

अलवर। मेरठ में एक महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति को मारकर उसे कंक्रीट से नीले ड्रम में पैक कर दिया था। अब राजस्थान के अलवर में भी ऐसी ही वारदात हुई है। अलवर की आदर्श कॉलोनी में एक छत से तेज बदबू आने के बाद मकान मालिक ने पुलिस को खबर की। पुलिस छत पर पहुंची, तो उसे वहां नीला ड्रम रखा मिला। ड्रम में हंसराज उर्फ सूरज नाम के युवक का शव था। शव को गलाने के लिए ड्रम में नमक भी डाला गया था। फिर नीले ड्रम के ऊपर भारी पत्थर रखा गया था। अलवर पुलिस के मुताबिक मृतक हंसराज यूपी के शाहजहांपुर जिले के नवादिया नवाजपुर का रहने वाला था।

पुलिस की जांच में पता चला कि हंसराज की गला रेतकर हत्या की गई थी। हंसराज की पत्नी, उसके तीन बच्चे और मकान मालिक का बेटा फरार हैं। इन सभी को अलवर पुलिस तलाश रही है। अलवर पुलिस को मकान मालकिन ने बताया कि वो छत पर गई थीं। वहां उनको तेज बदबू लगी। उन्होंने पहले सोचा कि किसी मरे जानवर के शव से बदबू आ रही है, लेकिन फिर छत पर नीला ड्रम दिखा और उसके ढक्कन पर भारी पत्थर रखा देखा। इसकी जानकारी उन्होंने पति को दी। मकान मालिक ने पुलिस को फोन कर बुलाया। नीले ड्रम का ढक्कन खोलने पर हंसराज का शव नमक में पैक मिला। पुलिस को जांच में पता चला कि मृतक हंसराज एक ईंट भट्ठे पर काम करता था। उसने करीब डेढ़ महीने पहले मकान किराए पर लिया और पत्नी व बच्चों के साथ रहने लगा।

पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि हंसराज और उसकी पत्नी में झगड़ा होता था। माना जा रहा है कि मकान मालिक के बेटे जितेंद्र के साथ मिलकर हंसराज की पत्नी ने पति की गला रेतकर हत्या कर दी। फिर सबूत मिटाने के लिए छत पर नीले ड्रम में नमक के साथ लाश को रख दिया। खास बात ये है कि मकान मालिक के बेटे जितेंद्र की पत्नी की करीब 12 साल पहले मौत हो गई थी। जितेंद्र के पिता राजेश प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं। पुलिस ये पता लगा रही है कि क्या हंसराज की पत्नी का जितेंद्र से प्रेम प्रसंग था। साथ ही हत्या में इस्तेमाल धारदार हथियार की भी पुलिस तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *