April 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

कोटा-बूंदी में एयरपोर्ट निर्माण को मोदी कैबिनेट की मंजूरी, ओडिशा में बनेगी सिक्स लेन रिंग रोड

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में जनहित से जुड़े दो बड़े फैसले लिए गए। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बैठक के बाद जानकारी देते हुए बताया कि केंद्रीय कैबिनेट ने राजस्थान के कोटा–बूंदी में नए हवाई अड्डे के निर्माण को मंजूरी दी है। इस एयरपोर्ट के बनने में 1507 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसके अलावा ओडिशा के कटक और भुवनेश्वर में सिक्स लेन एक्सेस-कंट्रोल्ड रिंग रोड बनाने का भी प्रस्ताव मोदी कैबिनेट में पास हो गया है। इस सड़क परियोजना को पूरा करने में 8,307 करोड़ रुपये की लागत आएगी।

कोटा एयरपोर्ट के बारे में केंद्रीय मंत्री ने बताया कि मौजूदा समय में जो एयरपोर्ट है वो शहर के एकदम बीचोबीच बना हुआ है। जबकि नए एयरपोर्ट का निर्माण कोटा देवली बाईपास के पास किया जाएगा। इसमें 3200 मीटर का रनवे बनाया जाएगा। एयरपोर्ट के लिए जमीन चिन्हित कर ली गई है और दो साल में इसे बनाने का लक्ष्य रखा गया है। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ओडिशा में 8,307.74 करोड़ की लागत से बनने वाले छह लेन के कैपिटल रीजन रिंग रोड पर कहा, कटक और भुवनेश्वर व्यावहारिक रूप से जुड़वां शहर हैं, बीच में नदी है। कटक सबसे पुराने शहरों में से एक है जो लगभग 5000 साल पुराना है। भुवनेश्वर बाद में राजधानी बना था। कोलकाता से जो NH-16 का हिस्सा कटक और भुवनेश्वर के बीच से निकलता है उस खंड पर काफी भीड़भाड़ रहती है। इस रिंग रोड की मांग लंबे समय से की जा रही थी।

उन्होंने कहा, इस परियोजना को 6-लेन एक्सेस-कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड हाईवे के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव है। यह परियोजना कटक, भुवनेश्वर और खोरधा शहरों से भारी वाणिज्यिक यातायात को हटाकर ओडिशा और अन्य पूर्वी राज्यों को महत्वपूर्ण लाभ प्रदान करेगी। यह एक बहुत ही महत्वपूर्ण परियोजना है और प्रधानमंत्री का पूर्वोदय का विजन पूर्वी भारत में स्थित हमारे सभी राज्यों के विकास के लिए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *