अश्विन ने आईपीएल से भी लिया संन्यास, भविष्य के प्लान को लेकर दिया हिंट
नई दिल्ली। भारत के दिग्गज ऑफ स्पिनर रह चुके रविचंद्रन अश्विन ने अब आईपीएल से भी संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। सोशल मीडिया के जरिए अपने रिटायरमेंट की जानकारी देते हुए अश्विन ने लिखा, खास दिन और इसलिए एक खास शुरुआत। कहते हैं हर अंत की एक नई शुरुआत होती है, एक आईपीएल क्रिकेटर के रूप में मेरा समय आज समाप्त हो रहा है, लेकिन विभिन्न लीग मैचों के खिलाड़ी के रूप में मेरा समय आज से शुरू हो रहा है। इतने सालों की शानदार यादों और रिश्तों के लिए सभी फ्रेंचाइजी का शुक्रिया अदा करना चाहूंगा, और सबसे ज़रूरी आईपीएल और बीसीसीआई का, जो उन्होंने मुझे अब तक दिया है।
अश्विन ने लिखा, आगे जो भी है उसका आनंद लेने और उसका पूरा लाभ उठाने के लिए उत्सुक हूं। इस तरह से अब माना जा रहा है कि अश्विन अब विभिन्न देशों में होने वाले लीग मैचों में हिस्सा लेंगे। आपको बता दें कि अश्विन ने दिसंबर 2024 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गाबा टेस्ट के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी थी। आईपीएल की बात करें तो अश्विन ने 2009 चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम के लिए पहली बार टूर्नामेंट खेला था और पिछला 2025 का सीजन भी वो चेन्नई के लिए ही खेले। सीएसके ने 2025 के मेगा ऑक्शन में अश्विन को 9.75 करोड़ में खरीदा था।
इस तरह से अश्विन ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत भी चेन्नई के साथ की और खत्म भी। हालांकि इतने सालों में वो बीच में कुछ समय के लिए राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स, दिल्ली कैपिटल्स, पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स फ्रेंचाइजी टीमों का भी हिस्सा रहे। अश्विन के आईपीएल करियर की बात करें तो उन्होंने कुल 221 मैच खेले। इन मैचों में अश्विन ने 187 विकेट लिए और बल्ले का कमाल दिखाते हुए 833 रन भी बनाए। आईपीएल में अश्विन के नाम 1 अर्धशतक भी है।
