July 2, 2026

Hind foucs news

hindi new update

400 किलो आरडीएक्स से मुंबई को दहलाने की धमकी देने वाला नोएडा से गिरफ्तार, पूछताछ जारी

नई दिल्ली। मुंबई को 400 किलो आरडीएक्स से दहलाने की धमकी देने वाले शख्स को मुंबई क्राइम ब्रांच ने यूपी के नोएडा से धर दबोचा है। गिरफ्तार किए गए शख्स का नाम अश्विन कुमार सपरा है और उसकी उम्र लगभग 50 साल के आसपास है। अश्विन मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और पिछले पांच साल से नोएडा में रह रहा है। वह खुद को ज्योतिषी और वास्तु सलाहकार बताता है। आरोपी ने जिस फोन और सिमकार्ड के जरिए धमकी दी थी, पुलिस ने उसे भी बरामद कर लिया है। प्रारम्भिक पूछताछ के बाद पुलिस आरोपी को मुंबई लेकर जाएगी, जहां उसके खिलाफ आगे की कार्रवाई होगी।

आपको बता दें कि कल मुंबई ट्रैफिक पुलिस के व्हाट्सएप पर एक धमकी भरा मैसेज भेजा गया था। मैसेज भेजने वाले ने धमकी में कहा था कि 14 पाकिस्तानी आतंकवादी भारत में घुस चुके हैं। 34 गाड़ियों में मानव बम लगाए गए हैं और धमाके के लिए 400 किलो आरडीएक्स रखा गया है। इसी के साथ मैसेज में लश्कर-ए-जिहादी नामक संगठन का नाम लिखा गया था। अनंत चतुर्दशी और गणेश विर्सजन से पहले दी गई इस धमकी को मुंबई पुलिस ने बहुत ही गंभीरता से लिया और मुंबई समेत पूरे महाराष्ट्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी।

साथ ही सर्विलांस के जरिए यह भी पता लगाना शुरू किया धमकी भरा मैसेज कहां से भेजा गया है। धमकी भेजे जाने के कुछ ही घंटों के अंदर पुलिस ने धमकी देने वाले की लोकेशन पता लगा ली। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए धमकी देने वाले शख्स को नोएडा के सेक्टर 79 में स्थित एक रिहायशी सोसाइटी से गिरफ्तार कर लिया। मुंबई में अभी भी सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद है। कंट्रोल रूम के द्वारा सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जा रही है। सार्वजनिक स्थलों पर अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी ड्यूटी  दे रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *