April 22, 2026

Hind foucs news

hindi new update

बीजेडी, बीआरएस और अकाली दल ने उप राष्ट्रपति चुनाव से बनाई दूरी, जानिए एनडीए के सीपी राधाकृष्णन के खिलाफ विपक्ष के बी. सुदर्शन रेड्डी कितने वोट से पीछे

नई दिल्ली। उप राष्ट्रपति चुनाव में बीजेडी, बीआरएस और अकाली दल ने वोटिंग से दूरी बना ली है। बीजेडी के राज्यसभा में 7 सांसद हैं। जबकि, बीआरएस के राज्यसभा में 4 और अकाली दल के लोकसभा में 1 और राज्यसभा में 2 सांसद हैं। तीनों दलों के सांसदों की इस संख्या को देखें, तो 14 सांसद वोट नहीं देंगे। उप राष्ट्रपति के चुनाव में सिर्फ लोकसभा और राज्यसभा के सांसद ही वोट देते हैं। ऐसे में बीजेडी, बीआरएस और अकाली दल के वोट न देने के फैसले से एनडीए प्रत्याशी सीपी राधाकृष्णन को विपक्ष के प्रत्याशी बी. सुदर्शन रेड्डी के मुकाबले और ज्यादा वोट हासिल होना तय हो गया है।

अभी लोकसभा में 542 सांसद हैं। सदन की एक सीट खाली है। जबकि, राज्यसभा में सांसदों की संख्या 239 है। जो 6 कम है। इस तरह लोकसभा और राज्यसभा के कुल सांसदों की संख्या 781 है। उप राष्ट्रपति चुनाव को जीतने के लिए प्रत्याशियों को 391 सांसदों का वोट चाहिए था, लेकिन बीजेडी, बीआरएस और अकाली दल के 14 सांसदों के वोटिंग न करने से जीत के लिए जरूरी वोटों की संख्या अब 384 ही रह गई है। एनडीए के पास लोकसभा और राज्यसभा मिलाकर 425 सांसद हैं। वाईएसआरसीपी ने सीपी राधाकृष्णन को वोट देने का फैसला किया है। इससे उनके पक्ष में सांसदों की संख्या बढ़कर 436 हो गई है।

वहीं, विपक्ष के पास 324 सांसद हैं। इस तरह विपक्ष के उप राष्ट्रपति पद के प्रत्याशी बी. सुदर्शन रेड्डी को जीतने के लिए फिलहाल 112 वोट की कमी है। अभी लोकसभा के 7 निर्दलीय, जेडीपीएम के 1 और आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने ये नहीं बताया है कि वे किसे वोट देंगे। अगर ये सभी एनडीए के उप राष्ट्रपति प्रत्याशी सीपी राधाकृष्णन को ही वोट देने का फैसला करते हैं, तो उनकी जीत का आंकड़ा बढ़कर 445 हो जाएगी। वहीं, अगर ये 9 सांसद विपक्ष के उप राष्ट्रपति प्रत्याशी बी. सुदर्शन रेड्डी को वोट देने का फैसला करें, तो भी उनको जीत हासिल नहीं होगी। ऐसे में विपक्ष ने एनडीए के सांसद टूटने की अपेक्षा लगा रखी है। हालांकि, ऐसा होना असंभव लग रहा है। बता दें कि राष्ट्रपति, उप राष्ट्रपति और राज्यसभा सांसदों के चुनाव में व्हिप काम नहीं करता। ऐसे में सांसद किसी को भी अपना वोट देने के लिए आजाद हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *