April 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

बिहार के बेरोजगार ग्रेजुएट युवाओं को भी सीएम नीतीश कुमार ने दिया स्वयं सहायता भत्ता का तोहफा, जानिए इसे पाने की शर्ते

पटना। बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव हैं। चुनाव से पहले बिहार के सीएम नीतीश कुमार धड़ाधड़ योजनाओं का एलान कर रहे हैं। नीतीश कुमार ने अब विज्ञान, कला और वाणिज्य विषयों में ग्रेजुएशन पास कर चुके बेरोजगार युवाओं को भत्ता देने का एलान किया है। सीएम नीतीश कुमार के मुताबिक पहले स्वयं सहायता भत्ता योजना इंटर पास बेरोजगारों को दी जा रही थी। अब ये ग्रेजुएट युवाओं को भी देने का फैसला किया है। ये भत्ता उन युवाओं को मिलेगा, जो पढ़ाई नहीं कर रहे और रोजगार की तलाश कर रहे हैं।

बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने बताया है कि नौकरी की तलाश कर रहे हर युवा को अगले 2 साल तक हर महीने 1000 रुपए स्वयं सहायता भत्ता दिया जाएगा। नीतीश कुमार ने कहा है कि उनको ये उम्मीद है कि इस भत्ते का इस्तेमाल कर युवा जरूरी प्रशिक्षण हासिल कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे। सीएम नीतीश कुमार ने कहा है कि बिहार सरकार के सात निश्चय कार्यक्रम के तहत ये योजना ग्रेजुएट युवाओं के लिए लागू की गई है। योजना का लाभ लेने वाले युवाओं की उम्र 20 से 25 साल के बीच होनी चाहिए। इससे ज्यादा उम्र के ग्रेजुएट युवाओं को बिहार की स्वयं सहायता भत्ता योजना का लाभ नहीं मिलेगा।

नीतीश कुमार इससे पहले बिहार में मुफ्त बिजली, युवाओं के लिए आयोग, सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 35 फीसदी आरक्षण समेत कई योजनाओं का एलान कर चुके हैं। बिहार में अक्टूबर के अंत से लेकर नवंबर तक विधानसभा चुनाव कराए जाने की संभावना है। नीतीश कुमार एक बार फिर एनडीए को जीत दिलाकर बिहार की सत्ता पर आने की कोशिश में हैं। वहीं, आरजेडी नीत विपक्ष का महागठबंधन नीतीश को सत्ता से हटाकर अपनी सरकार बनाना चाहता है। ऐसे में नीतीश कुमार की ओर से घोषित योजनाओं को युवा और महिलाओं को लुभाने वाला माना जा रहा है। हालांकि, वोटों की गिनती के बाद ही पता चलेगा कि नीतीश कुमार की योजनाओं पर जनता ने कितना भरोसा जताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *