खालिस्तानी आतंकी परविंदर सिंह को यूएई से लाया गया भारत, पंजाब पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां की बड़ी सफलता
नई दिल्ली। खालिस्तानी आतंकी परमिंदर सिंह उर्फ पिंदी को अबूधाबी से भारत लाया गया है। वह बब्बर खालसा इंटरनेशनल से जुड़ा हुआ है। पंजाब में फिरौती, पेट्रोल पंप पर हमला समेत गंभीर श्रेणी के कई अपराधों में पिंदी वांछित था। मुख्य रूप से बटाला और गुरदासपुर क्षेत्र में उसका आतंक था। पंजाब की बटाला पुलिस की मांग पर खालिस्तानी आतंकी पिंदी के खिलाफ इंटरपोल द्वारा रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था। केंद्रीय विदेश मंत्रालय और यूएई अथॉरिटीज की मदद से पिंदी का प्रत्यर्पण संभव हो सका है। पंजाब पुलिस की टीम 24 सितंबर को यूएई पहुंची थी। खालिस्तान समर्थक आतंकी हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा और हैप्पी पसियां के गैंग के साथ भी पिंदी का लिंक है।
पिंदी को प्रत्यर्पित करके भारत लाया जाना पंजाब पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां के लिए एक बड़ी सफलता है। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया, एक ऐतिहासिक अभियान में पंजाब पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों के समन्वय और सहयोग से बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) के आतंकवादी परमिंदर सिंह उर्फ पिंडी को अबू धाबी भारत प्रत्यर्पित किया है। यह सफल प्रत्यर्पण पंजाब पुलिस की आतंकवाद और संगठित अपराध के प्रति शून्य-सहिष्णुता की नीति के साथ-साथ इसकी उन्नत जांच क्षमताओं और वैश्विक पहुंच को भी दर्शाता है।
डीजीपी ने कहा, हम न्याय को बनाए रखने और राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने के इस संयुक्त प्रयास में उनके अमूल्य सहयोग के लिए केंद्रीय एजेंसियों, विदेश मंत्रालय (MEA) और संयुक्त अरब अमीरात सरकार के आभारी हैं। पंजाब पुलिस अब पिंडी से पूछताछ करेगी और उसके नेटवर्क में शामिल अन्य अपराधियों के बारे में जानकारी जुटाएगी। इससे पंजाब में छिपे हुए खालिस्तानी समर्थकों पर भी शिकंजा कसा जा सकेगा। इसके अलावा पिंदी से पूछताछ के जरिए विदेशों में छिपे बैठे खालिस्तानी आतंकियों के बारे में भी और जानकारी मिल सकती है।
