ईडी ने शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की, 150 करोड़ के बिटकॉइन होने का जांच एजेंसी ने दावा किया
नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा के खिलाफ बिटकॉइन मामले में चार्जशीट दाखिल की है। ईडी ने शुक्रवार को विशेष कोर्ट में दाखिल चार्जशीट में दावा किया है कि राज कुंद्रा ने सिर्फ बिचौलिए की भूमिका नहीं निभाई, बल्कि खुद 150 करोड़ रुपए से ज्यादा के 285 बिटकॉइन उनके पास हैं। चार्जशीट में ईडी ने कहा है कि क्रिप्टोकरेंसी मामले के कुख्यात अमित भारद्वाज से राज कुंद्रा को 285 बिटकॉइन मिले। जांच एजेंसी के मुताबिक इन बिटकॉइन को यूक्रेन में माइनिंग के काम के लिए इस्तेमाल होना था। सौदा पूरा न होने के कारण राज कुंद्रा के पास ही बिटकॉइन हैं।
ईडी ने चार्जशीट में कहा है कि राज कुंद्रा ने जांच को गुमराह करने की कोशिश की। बिटकॉइन वॉलेट के पते जांच एजेंसी को नहीं दिए और सबूत छिपाने के लिए फोन खराब होने की बात कही। ईडी ने चार्जशीट में कहा है कि राज कुंद्रा ने शिल्पा शेट्टी से लेन-देन किया। इस लेन-देन में बाजार कीमत से कम पर सौदा दिखाया गया। जांच एजेंसी का दावा है कि ये तरीका कालेधन को सफेद और अवैध कमाई को वैध करने के लिए अपनाया गया। ईडी ने कहा कि राज कुंद्रा ने बताया कि वो सिर्फ मध्यस्थ थे, लेकिन समझौते की शर्तों और लेन-देन की जानकारी से साफ है कि वो वास्तविक लाभार्थी थे। सात साल पुराने लेन-देन के बारे में विवरण देना साबित करता है कि बिटकॉइन राज कुंद्रा के ही पास थे।
बिटकॉइन घोटाला में हजारों निवेशकों से रकम ली गई थी। निवेशकों से वादा किया गया था कि बिटकॉइन की माइनिंग से काफी पैसा मिलेगा, लेकिन उनकी जमा धनराशि बिटकॉइन के गुप्त वॉलेट्स में रख दी गईं। बिटकॉइन घोटाला में दिल्ली और महाराष्ट्र पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी। जिसके बाद ईडी ने भी मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की। इस मामले में राजेश सतीजा को भी आरोपी बनाया गया है। वो कारोबारी है। ईडी की ओर से चार्जशीट दाखिल करने की वजह से राज कुंद्रा के लिए मुश्किल बढ़ सकती है।
