शोएब अख्तर की बढ़ी मुश्किलें!, PTV ने भेजा 100 मिलियन का मानहानि नोटिस, ऑन एयर दिया था इस्तीफा
नई दिल्ली। हाल ही में पाकिस्तान के नेशनल टीवी पीटीवी स्पोर्ट्स पर उस जमकर हंगामा देखने को मिला था जब पाकिस्तानी तेज गेंदबाज शोएब अख्तर का अपमान किया गया तो आन एयर ही उन्होंने अपना इस्तीफा दे दिया और चलते शो को छोड़कर चले गए। बाद में अख्तर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर इसकी जानकारी दी कि उन्होंने पीटीवी स्पोर्ट्स से इस्तीफा दे दिया है। अब इस मामले पर शोएब अख्तर को लेकर पाकिस्तान टेलीविजन कॉरपोरेशन (PTVC) ने 100 मिलियन का मानहानि नोटिस भेजा है। अपने नोटिस में पीटीवीसी ने शोएब अख्तर को तीन महीने के वेतन के बराबर 33,33,000 रुपये की राशि के साथ-साथ नुकसान के रूप में 100 मिलियन रुपये के भुगतान के लिए कहा है। वहीं कहा गया है कि अगर ऐसा नहीं किया जाता है तो पीटीवी सक्षम क्षेत्राधिकारी अदालत में अख्तर के विरूद्ध कानूनी कार्यवाही करेंगा।
नोटिस में कहा गया है, “क्लॉज 22 के मुताबिक दोनों पक्षों को तीन महीने की लिखित नोटिस या उसके बदले भुगतान करके अपने समझौते को समाप्त करने का अधिकार होगा। जबकि शोएब अख्तर ने 26 अक्टूबर को ऑन एयर इस्तीफा दे दिया, जिसके परिणामस्वरूप पीटीवी को भारी वित्तीय नुकसान हुआ है।” नोटिस में आगे जोड़ा गया है, “शोएब अख्तर ने पीटीवी प्रबंधन को बिना सूचना दिए टी20 विश्व कप टेलीकास्ट के दौरान दुबई छोड़ दिया था। इसके अलावा, भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह के साथ एक भारतीय चैनल के टीवी शो पर उपस्थिति ने भी पीटीवी को काफी नुकसान पहुंचाया है।”
बता दें, पीटीवी स्पोर्ट्स चैनल पर आइसीसी टी20 विश्व कप में पाकिस्तान बनाम न्यूजीलैंड मैच के बाद एक पैनल बैठा हुआ था जिसकी मेजबानी डाक्टर नौमान नियाज कर रहे थे। पाकिस्तान बनाम न्यूजीलैंड मैच के महामुकाबले को लेकर बहस चल रही थी कि तभी एंकर नुमान और शोएब अख्तर के बीच शाहीन अफरीदी को लेकर बहस छिड़ जाती है। अख्तर का कहना था, “शाहीन अफरीदी और हैरिस रउफ लाहौर कलंदर टीम की देन हैं”, लेकिन ये बात नौमान के गले नहीं उतरी।
ऑन एयर ही टीवी एंकर नौमान नियाज, शोएब अख्तर करते हुए कहते हैं, “आप थोड़े असभ्य हो रहे हैं और मैं यह नहीं कहना चाहता, लेकिन यदि आप ओवर स्मार्ट हैं, तो आप जा सकते हैं। मैं यह आन एयर कह रहा हूं।” ये कहने के बाद नौमान ने एक ब्रेक लेते हैं। माना ऐसा जा रहा था कि इस बैक के बाद सब ठीक हो जाएगा, लेकिन नहीं होता। शोएब की मानें तो उन्होंने ब्रेक के दौरान नौमान से आन एयर माफी मांगने के लिए कहा लेकिन नौमान राजी नहीं हुए। वहीं जब शो फिर से आन एयर होता है तो एंकर नौमान नियाज और शोएब अख्तर के बीच गहमागहमी देखने को मिलती है। जिसे देखते हुए शोएब अख्तर शो को छोड़ने का फैसला लेते है। शो को छोड़ने के साथ ही शोएब इस दौरान वहां मौजूद अपने साथी मेहमान, जिसमें पूर्व पाकिस्तानी महिला कप्तान सना मीर, विव रिचर्ड्स और डेविड गोवर के अलावा कई और सदस्य शामिल थे, उनसे माफी मांगते हैं और शो को चलता छोड़ चले जाते हैं।
