राहुल गांधी ने वोट चोरी के आरोपों पर जिस ब्राजीलियन मॉडल का किया जिक्र, सामने आया उसका रिएक्शन
नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक दिन पहले प्रेस कांफ्रेंस करके चुनाव आयोग पर हरियाणा चुनाव में वोट चोरी के आरोप लगाए थे। इस दौरान राहुल गांधी ने एक ब्राजीलियन मॉडल की फोटो लगे हुए वोटर आईडी कार्ड को सबूत के तौर पर प्रस्तुत किया था। राहुल गांधी ने जिस ब्राजीलियन मॉडल का जिक्र किया उसका नाम लॉरिसा है और उसने इस मामले में वीडियो जारी कर प्रतिक्रिया व्यक्त की है। ब्राजीलियन मॉडल लॉरिसा ने आश्चर्य जताते हुए कहा, दोस्तों, मैं आपको एक जोक सुनाने जा रही हूं। मेरी एक पुरानी फोटो जब मैं बहुत यंग थी, वही तस्वीर भारत में किसी वोटर के रूप में इस्तेमाल हो रही है, लोग उस पर बहस कर रहे हैं, यह कितना अजीब है।
लॉरिसा में अपने एक अन्य वीडियो में कहा, भारत की राजनीति से मेरा कोई लेना-देना नहीं है। मैं तो कभी भारत गई भी नहीं। मैं ब्राजील की मॉडल होने के साथ डिजिटल इंफ्लूएंसर हूं, मैं भारत के लोगों से प्यार करती हूं, यह वीडियो मैंने भारत के लोगों के लिए बनाया है, जिससे इस पूरे मामले पर स्पष्टीकरण दे सकूं। उन्होंने कहा कि मैं भारत में रहस्यमयी ब्राजीलियन मॉडल के तौर पर फेमस हो गई हूं। उन्होंने कहा कि मुझे यकीन नहीं हो रहा है, हम किस तरह के पागलपन में जी रहे हैं।
उन्होंने बताया कि एक फोटोग्राफर ने स्टॉक साइट्स पर उनकी इस तस्वीर को अपलोड करने की इजाजत मांगी थी। दोस्त की मदद के लिए उन्होंने इसकी इजाजत दे दी थी उसके बाद उनकी वह तस्वीर कई जगह प्रकाशित हो चुकी है। हिंदुस्तान की खबर के अनुसार लॉरिसा की यह फोटो उन्हीं के शहर में रहने वाले एक फोटो मेथियर फरेरो ने साल 2017 में खींची थी। लॉरिसा ने कहा कि मेरे बहुत सारे भारतीय फॉलोअर्स बढ़ गए हैं। हालांकि मैं यह बात स्पष्ट कर देना चाहती हूं कि मैं भारत कभी नहीं गई, वहां सिर्फ मेरी फोटो थी।
