April 23, 2026

Hind foucs news

hindi new update

पहाड़ों में बर्फबारी के साथ मैदानी इलाकों में बढ़ रही ठंड, जानिए दिल्ली समेत उत्तर भारत के शहरों में कितना गिरा पारा

नई दिल्ली। पहाड़ों में बर्फबारी के साथ ही मैदानी इलाकों में ठंड तेज होती दिख रही है। देश की राजधानी दिल्ली में शुक्रवार की रात पारा 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, यूपी के कानपुर में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहा। यूपी के इटावा में न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री दर्ज हुआ। वहीं, लखनऊ समेत यूपी के 15 जिलों में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 10 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज होने की जानकारी है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में भी 2 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। इससे मैदानी इलाकों में ठंड और बढ़ेगी।

हर साल ठंड के सीजन में ईरान से अफगानिस्तान और पाकिस्तान होकर ठंडी हवाएं भारत पहुंचती हैं। इनको पछुआ कहा जाता है। पछुआ के कारण ही पहाड़ों में बर्फबारी होती है और इसकी वजह से मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ती है। मौसम विभाग पहले ही बता चुका है कि और साल के मुकाबले 2025 में पहाड़ों और मैदानी इलाकों में ज्यादा ठंड होने वाली है। पश्चिमी विक्षोभ भी ठंड के मौसम में आते हैं। जिनकी वजह से पहाड़ों पर भारी बर्फबारी होती है और मैदानी इलाकों में बारिश भी देखने को मिलती है। इस साल भी पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ों और मैदान में स्थित राज्यों में ऐसा ही देखने को मिल सकता है।

अल नीनो प्रभाव के कारण 2025 में काफी बारिश भी हुई है। अभी अल नीनो का प्रभाव बना हुआ है। अल नीनो प्रभाव में समुद्र की सतह का तापमान ज्यादा होता है। अल नीनो और ला नीना प्रभाव का भारत के मौसम पर असर पड़ता है। ला नीना प्रभाव होने से समुद्र की सतह का तापमान जमीन के मुकाबले कम हो जाता है। ऐसे में बारिश और ठंड कम होती है। जबकि, अल नीनो प्रभाव के कारण बारिश भी ज्यादा होती है और ठंड भी काफी पड़ती है। ऐसे में मौसम विभाग ने भारत में इस बार कड़ाके की ठंड की भविष्यवाणी की थी। माना जा रहा है कि अगले दो हफ्ते में काफी ठंड हो जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *