साइबर ठगी का शिकार हुए टीएमसी के तेज-तर्रार सांसद कल्याण बनर्जी, एसबीआई खाते से 56 लाख रुपए निकाले गए
कोलकाता। कभी लिंक पर क्लिक कराकर, कभी डिजिटल अरेस्ट के जरिए आम लोगों की गाढ़ी कमाई की रकम तो ठग बैंक खातों से ले ही लेते हैं। अब खास लोग भी ठगों के निशाने पर आ रहे हैं। पश्चिम बंगाल के सिरामपुर से टीएमसी के सांसद और वकील कल्याण बनर्जी के खाते को ठगों ने निशाना बनाया और करीब 56 लाख रुपए पार कर दिए। ये सारा खेल ऑनलाइन ठगी के जरिए किया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कल्याण बनर्जी के स्टेट बैंक (एसबीआई) खाते से ठगों ने रकम निकाल ली है।
टीएमसी के सांसद कल्याण बनर्जी काफी तेज-तर्रार हैं। बताया जा रहा है कि कल्याण बनर्जी के जिस बैंक खाते से ठगी के जरिए 56 लाख रुपए निकाले गए, वो काफी पुराना है। कल्याण बनर्जी सांसद बनने से पहले पश्चिम बंगाल के आसनसोल दक्षिण सीट से विधायक हुआ करते थे। वो 2001 से 2006 तक पश्चिम बंगाल में विधायक रहे। उसी दौरान एसबीआई में कल्याण बनर्जी का खाता खुला था। ये खाता पश्चिम बंगाल विधानसभा की एसबीआई ब्रांच की उप शाखा में खोला गया। जानकारी के मुताबिक ठगों ने कल्याण बनर्जी का फर्जी पैन कार्ड और आधार कार्ड बनवाया और फिर रकम निकाल ली।
कल्याण बनर्जी ने ठगी कर बैंक खाते से रकम निकालने की शिकायत कोलकाता पुलिस के साइबर सेल से की है। कोलकाता पुलिस की साइबर सेल इस मामले की जांच कर रही है। सांसद के बैंक खाते से ठगी कर बड़ी रकम उड़ाए जाने का मामला गंभीर है और इस वजह से आरोपियों की तलाश कर रकम की बरामदगी की कोशिश की जा रही है। बीते दिनों ही जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली सुप्रीम कोर्ट की बेंच ने डिजिटल अरेस्ट और अन्य तरीकों से ठगी पर गहरी चिंता जताई थी। जस्टिस सूर्यकांत ने ये भी कहा था कि अगर ऐसे ठगों पर सख्त कार्रवाई न की गई, तो ऐसे मामले और बढ़ेंगे। केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय ने सुप्रीम कोर्ट को जानकारी दी है कि अब तक डिजिटल अरेस्ट से ही ठगों ने तमाम देशवासियों के 3000 करोड़ रुपए पार किए हैं।
