February 15, 2026

Hind foucs news

hindi new update

दिल्ली-एनसीआर की दमघोंटू हवा, वजीरपुर में हालत सबसे खराब, एक्यूआई 691 तक पहुंचा

नई दिल्ली। दिल्ली और एनसीआर में वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। कई जगह एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 400 के खतरनाक आंकड़े को पार कर गया है। दिल्ली के सबसे प्रदूषित इलाकों में वजीरपुर में एक्यूआई 691 तक पहुंच गया। जबकि आनंद विहार में 620, जहांगीरपुरी में 583 और बहादुरगढ़ में 550 एक्यूआई दर्ज किया गया। यूपी में गाजियाबाद में एक्यूआई सर्वाधिक स्तर पर 469 तक पहुंच गया। शुक्रवार को नोएडा के सेक्टर-125 में एक्यूआई 437, सेक्टर-116 में 431 और सेक्टर-1 में 400 रिकॉर्ड किया गया। जबकि ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-फाइव में एक्यूआई 433 स्तर पर पहुंच गया।

दिल्ली से सटे अन्य इलाकों में भी हालत बेहद खराब है। मेरठ के पल्लवपुरम में आज सुबह का एक्यूआई 424 रिकॉर्ड किया गया जबकि हापु़ड़ में 417 और बागपत में 383 एक्यूआई नापा गया। दमघोंटू हवा लोगों के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव डाल रही है। सबसे ज्यादा प्रभावित छोटे बच्चे, बुजुर्ग और सांस की बीमारी से पीड़ित लोग हो रहे हैं। प्रदूषण की वजह से लोगों को आंखों में जलन और गले में खराश की समस्या भी हो रही है। मौसम विभाग के विशेषज्ञों के मुताबिक ठंड बढ़ने, हवा की रफ्तार कम होने और कोहरे के कारण प्रदूषण का स्तर खतरनाक हुआ है।

अनुमान है कि कोहरे की वजह से हवा में घुले धूल और धुएं के कण वातावरण में बने रहेंगे जिसकी वजह से अगले कुछ दिनों में दिल्ली की वायु गुणवत्ता और खराब हो सकती है। बारिश के बाद ही इससे राहत मिल सकती है। दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण की समस्या को लेकर सुप्रीम कोर्ट में भी याचिका लंबित है। अदालत इसको लेकर गंभीर है और केंद्र और राज्य सरकारों से जवाबी हलफनामा मांगा गया है। हालांकि पिछली सुनवाई में दिल्ली में निर्माण कार्यों पर रोक लगाने की मांग अदालत ने नहीं मानी थी क्यों कि बेंच का मानना है कि इससे बहुत से लोगों की जीविका प्रभावित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed