February 16, 2026

Hind foucs news

hindi new update

रॉबर्ट वाड्रा पर कसेगा ईडी का शिकंजा, हथियार डीलर संजय भंडारी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में चार्जशीट दाखिल

नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा की मुश्किलें अब और बढ़ने वाली हैं। ब्रिटेन के हथियार कारोबारी संजय भंडारी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में राबर्ट वाड्रा को आरोपी बनाते हुए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की है। ईडी का आरोप है कि रॉबर्ट वाड्रा और संजय भंडारी के बीच विदेशी संपत्तियों से जुड़ा वित्तीय लेन-देन का लिंक है। ईडी ने इससे पहले जून में रॉबर्ट वाड्रा को बयान दर्ज कराने के लिए तलब किया था। पीएमएलए के तहत ईडी पूरे मामले की तफ्तीश में जुटी हुई है।

इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने साल 2016 में संजय भंडारी के दिल्ली स्थित परिसर पर छापा मारा था जिसके बाद यह मामला प्रकाश में आया। छापेमारी की कार्रवाई के बाद भंडारी लंदन भाग गया था। ईडी ने संजय भंडारी और अन्य के खिलाफ फरवरी 2017 में पीएमएलए के तहत आपराधिक मामला दर्ज किया था। भारत के द्वारा भंडारी के प्रत्यर्पण की मांग पूर्व में की गई थी जिसे ब्रिटेन की अदालत ने इसे खारिज कर दिया था। दिल्ली की अदालत के द्वारा संजय भंडारी को भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित किया जा चुका है। ईडी के अनुसार संजय भंडारी ने साल 2009 में लंदन में एक घर खरीदा था। इस घर के रिनोवेशन का काम रॉबर्ट वाड्रा के निर्देश के अनुसार बिचौलियों के द्वारा कराया गया था।

इसके अलावा हरियाणा में रॉबर्ट वाड्रा, संजय भंडारी और इनसे जुड़े लोगों द्वारा किए जमीन सौदों की भी ईडी जांच कर रही है। ईडी ने इससे पहले भारत में कई संपत्तियों को कुर्क किया था, जिनको वाड्रा या उनके जुड़े हुए लोगों से संबंधित बताया गया था। हालांकि हालांकि वाड्रा शुरू से ही अपने ऊपर लगे इन आरोपों को खारिज करते आ रहे हैं। इससे पहले जुलाई में ईडी ने हरियाणा के शिकोहपुर में हुई लैंड डील से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में भी रॉबर्ट वाड्रा के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed