टीएमसी विधायक ने बंगाल में 6 दिसंबर को बाबरी मस्जिद की नींव रखने का किया ऐलान, बीजेपी ने साधा निशाना, कांग्रेस ने लिया पक्ष
नई दिल्ली। तृणमूल कांग्रेस के विधायक हुमायूं कबीर ने पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में 6 दिसंबर को बाबरी मस्जिद की नींव रखने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि इसे बनाने में तीन साल लगेंगे। स्टेट के कई मुस्लिम नेता इस कार्यक्रम में भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि इंडियन सेक्युलर फ्रंट के विधायक और युवा नेता नौशाद सिद्दीकी भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहीं बाबरी मस्जिद शिलान्यास को लेकर टीएमसी विधायक की इस घोषणा के बाद राजनीतिक घमासान शुरू हो गया है। बीजेपी ने बंगाल की सीएम ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए ध्रुवीकरण का आरोप लगाया है। वहीं कांग्रेस ने भारत को धर्मनिरपेक्ष देश बताते हुए टीएमसी सांसद का पक्ष लिया है।
बीजेपी के वरिष्ठ नेता शाहनवाज हुसैन ने हुमायूं कबीर के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, हिंदुस्तान में बाबर के नाम पर कुछ भी नहीं होना चाहिए। बाबर एक हमलावर था, वो आया उसने राम मंदिर को तोड़ा, अब राम मंदिर का निर्माण हो गया है, कोई भी हिंदुस्तानी बाबर के नाम पर कुछ नहीं चाहता। ममता बनर्जी अपने विधायक से बाबरी मस्जिद की नींव 6 दिसंबर को डलवाकर तनाव पैदा करना चाहती हैं। ममता जी जानबूझकर 6 दिसंबर को ऐसा कर रही हैं और उनको उसी दिन उनकी सरकार खत्म होने का दिन शुरू हो जाएगा। टीएमसी के पास कुछ काम नहीं है इसलिए वो ध्रुवीकरण करना चाहती है।
दूसरी तरफ झारखंड के कांग्रेस नेता राकेश सिन्हा ने टीएमसी विधायक का पक्ष लेते हुए कहा, भारत एक धर्मनिरपेक्ष देश है यहां सभी धर्मों का आदर और सम्मान है। यही कारण है कि दुनिया में भारत की एक विशिष्ट पहचान है। भारत सबसे बड़ा लोकतांत्रिक और धर्मनिरपेक्ष देशश् है। लोग अपने धर्म के आधार पर मंदिर भी बनवाते हैं, मस्जिद भी बनवाते है। हम अपने मंदिर का कोई भी नाम रखें और वो मस्जिद का कोई भी नाम रखें। यही तो भारत की खूबसूरती है।
