April 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

ममता बनर्जी सरकार सिलीगुड़ी में बनवाएगी महाकाल मंदिर, कैबिनेट से पास कराया प्रस्ताव

कोलकाता। ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी के विधायक हुमायूं कबीर ने 6 दिसंबर को पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद की आधारशिला रखने का एलान किया है। जिससे विवाद पैदा हुआ है। वहीं, बाबरी पर विवाद के बाद अब सीएम ममता बनर्जी की अध्यक्षता में बंगाल सरकार के कैबिनेट ने उत्तर बंगाल के सिलीगुड़ी में भव्य महाकाल मंदिर बनवाने की मंजूरी दी है। ये महाकाल मंदिर माटीगाड़ा में बनवाया जाएगा। अक्टूबर में ममता बनर्जी जब आपदा प्रभावित उत्तर बंगाल गई थीं, तब उन्होंने महाकाल मंदिर बनवाने का एलान किया था। दार्जिलिंग के प्रसिद्ध महाकाल मंदिर जैसा ही नया मंदिर बनवाने का ममता बनर्जी का इरादा है। अब इसका प्रस्ताव उन्होंने कैबिनेट से पास कराया है।

ममता सरकार की कैबिनेट बैठक में माटीगाड़ा के लक्ष्मी टाउनशिप इलाके में मंदिर के लिए 25.15 एकड़ जमीन देने का फैसाल हुआ। इसमें से 17.41 एकड़ जमीन पर्यटन विभाग को ट्रांसफर की जाएगी। जबकि, बाकी जमीन दो बार में ट्रांसफर होगी। पश्चिम बंगाल की मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य का कहना है कि राज्य सरकार माटीगाड़ा को बड़ा टूरिज्म हब बनाना चाहती है। सिलीगुड़ी में बनने वाले महाकाल मंदिर में क्षेत्र की सबसे बड़ी भगवान शिव की मूर्ति स्थापित करने का प्रस्ताव है। इससे पहले ममता बनर्जी सरकार कोलकाता के करीब स्थित दीघा में जगन्नाथ धाम मंदिर बनवा चुकी है। जिसे लेकर ओडिशा से विवाद भी हुआ था। इसके अलावा न्यू टाउन में दुर्गा आंगन नाम से मंदिर भी प्रस्तावित है।

माना जा रहा है कि सिलीगुड़ी में महाकाल मंदिर बनवाकर ममता बनर्जी ने चुनावी दांव चला है। उत्तर बंगाल में ममता की टीएमसी और बीजेपी के बीच कांटे की टक्कर है। ऐसे में शायद ममता बनर्जी महाकाल मंदिर बनवाकर क्षेत्र के हिंदुओं को अपनी टीएमसी के पक्ष में करने की कोशिश कर रही हैं। ममता बनर्जी पर बीजेपी हिंदू विरोधी और मुस्लिमों का पक्ष लेने का आरोप भी लगाती है। महाकाल मंदिर का प्रस्ताव पास कर ममता बनर्जी इस आरोप को भी गलत साबित करने की तैयारी में हैं। पश्चिम बंगाल में अगले साल विधानसभा के चुनाव हैं। बीजेपी ने कहा है कि इस बार राज्य से ममता बनर्जी की सरकार को वो उखाड़ फेंकेगी। वहीं, ममता बनर्जी और टीएमसी का कहना है कि बीजेपी को हर बार की तरह इस बार भी चुनाव में पटकनी दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *