बारिश से बेहाल हुआ तमिलनाडु, अब तक 12 की मौत, सड़के बनी तालाब
नई दिल्ली। तमिलनाडु में भारी बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। राज्य में बारिश से हुई अलग-अलग घटनाओं में अबतक 12 लोगों की जान चली गई है। बारिश के कारण से राज्य की स्थिति सुधरने के बजाय और बिगड़ती जा रही है। मौसम विभाग ने जानकारी देते हुए बताया है कि आज चक्रवाती तूफान तमिलनाडु के तट पर पहुंच सकता है। इसे ध्यान में रखते हुए राज्य के 9 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं दूसरी ओर राजधानी चेन्नई और आसपास के इलाकों में फिर होने बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग का कहना है कि चक्रवाती तूफान के आज शाम तक तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के तट से गुजरने की संभावना है। इसी कारण अगले तीन से चार दिनों तक तमिलनाडु के विस्तृत क्षेत्र में बारिश की उम्मीद है।
कहां-कहां हो सकती है बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक, “कुछ खास इलाकों में मूसलाधार बारिश देखने को मिल सकती है। इसके साथ ही अधिकतर स्थानों पर गरज के साथ मध्य दर्जे की बारिश की आशंका है। जिन जिलों के कुछ इलाकों में आज बारिश की संभावना है उनमें तिरुवल्लुर, कल्लाकुरिची, सेलम, वेल्लोर, तिरुन्नामलाई, रानीपेट और तिरुपुत्तर है। इसके अलावा तमिलनाडु के नीलगिरि, कोयंबटूर, चेंगापल्ट्टू, नमक्कल, तिरुचिरापल्ली, चेन्नई और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी के कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभाना है।’’
मौसम विभाग की मानें तो 12 से 14 नवंबर के बीच तमिलनाडु के कई इलाकों में बारिश की संभावना है। वहीं, तमिलनाडु के कुछ इलाकों, पुडुचेरी और कराईकल में गरज और बिजली देखने को मिल सकती है।
आपको बता दें कि तमिलनाडु में पूर्वोत्तर मानसून की वजह से एक अक्टूबर से लेकर अब तक सामान्य से 50 फीसदी अधिक बारिश हो चुकी है। 90 प्रमुख जलाशयों में से 53 जलाशयों में पानी 76 प्रतिशत भंडारण स्तर तक पहुंच गया है। इस समय में तमिलनाडु और पुडुचेरी में 38 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई है जो कि सामान्य स्तर 25 सेंटीमीटर से 51 फीसदी अधिक है।
