April 23, 2026

Hind foucs news

hindi new update

पश्चिम बंगाल में मस्जिद के बाद अब बाबरी के नाम से हैदराबाद में स्मारक बनाने का एलान

हैदराबाद। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में टीएमसी से सस्पेंड विधायक हुमायूं कबीर ने बाबरी मस्जिद बनाने की आधारशिला रखी। अब तेलंगाना में एक मुस्लिम संगठन ने बाबरी मस्जिद की याद में स्मारक बनाने का एलान किया है। तहरीक मुस्लिम शाबान के अध्यक्ष मुश्ताक मलिक ने बाबरी स्मारक बनाने का एलान किया। मुश्ताक ने बताया कि बाबरी मस्जिद के स्मारक के साथ लोगों की भलाई के लिए कुछ संस्थान भी बनाए जाएंगे। तहरीक मुस्लिम शाबान के अध्यक्ष ने ये भी कहा कि बाबर के नाम से किसी को परेशान नहीं होना चाहिए। सुनिए उन्होंने और क्या कहा।

इससे पहले शनिवार को टीएमसी से सस्पेंड किए गए विधायक हुमायूं कबीर ने बड़ी भीड़ जुटाकर मुर्शिदाबाद के बेलडांगा में बाबरी मस्जिद की आधारशिला रखी थी। हुमायूं कबीर की ओर से फिर बाबरी मस्जिद बनाने के एलान से पश्चिम बंगाल की सियासत गर्माई हुई है। बीजेपी ने जहां हुमायूं कबीर के बाबरी मस्जिद बनाने के एलान को टीएमसी सुप्रीमो और पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी के इशारे पर बताया है। वहीं, टीएमसी ने आरोप लगाया है कि हुमायूं कबीर बीजेपी के एजेंडे पर काम कर रहे हैं। सियासत इसलिए भी गर्म है, क्योंकि पश्चिम बंगाल में अगले साल विधानसभा के चुनाव होने हैं।

बाबरी मस्जिद अयोध्या में थी। 33 साल पहले 6 दिसंबर 1992 को कारसेवकों ने बाबरी मस्जिद को ढहा दिया था। साल 2019 में सुप्रीम कोर्ट ने फैसला सुनाया कि जहां बाबरी मस्जिद थी, वो जगह भगवान रामलला की है। जिसके बाद अयोध्या में बाबरी मस्जिद की जगह भगवान रामलला का भव्य मंदिर बनाया गया। 25 नवंबर 2025 को ही पीएम नरेंद्र मोदी ने अयोध्या के राम मंदिर में धर्म ध्वजा फहराई थी। इसके बाद ही बाबरी मस्जिद के नाम पर नया ढांचा और स्मारक बनाने के एलान शुरू हुए हैं। इस पर हिंदुत्ववादी संगठन और संत भी भड़के हुए हैं। उनका कहना है कि बाबरी नाम से मस्जिद नहीं बन सकती। बीजेपी ने तो ये तक कहा है कि अगर पश्चिम बंगाल में उसकी सरकार बनी, तो मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद नहीं बनने दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *