बीएमसी चुनावों के लिए साथ आए उद्धव और राज ठाकरे, शिवसेना (यूबीटी)-एमएनएस के गठबंधन का ऐलान
नई दिल्ली। महाराष्ट्र की राजनीति में आज एक बड़ा दिन है। उद्धव ठाकरे और उनके चचेरे भाई राज ठाकरे ने आगामी बीएमसी चुनाव साथ मिलकर लड़ने का ऐलान किया है। उद्धव और राज ने एक साथ प्रेस कांफ्रेंस की और शिवसेना (यूबीटी) तथा महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) के गठबंधन की घोषणा की। इससे पहले दोनों भाई (उद्धव और राज) बालासाहेब ठाकरे के स्मारक, शिवाजी पार्क पहुंचे और उनको श्रद्धांजलि अर्पित की। गठबंधन की घोषणा के दौरान उद्धव के बेटे शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे और राज के पुत्र एमएनएस नेता अमित ठाकरे भी मंच पर मौजूद रहे।
शिवसेना यूबीटी के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने कहा, आज हम दोनों भाई एक साथ खड़े हैं और आगे भी साथ रहेंगे। महाराष्ट्र इस दिन का बेसब्री से इंतजार कर रहा था। हमारी सोच एक है, हमें मराठियों का संघर्ष, उनका बलिदान याद है, हमें एक रहना है। ठाकरे परिवार ने महाराष्ट्र के संघर्ष किया है। उद्धव ने बिना नाम लिए आरोप लगाते हुए कहा कि दिल्ली में बैठे लोग हमें तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अब हमें टूटना नहीं है। अगर ऐसा हुआ तो यह हमारे पूर्वजों के बलिदान का अपमान होगा। उन्होंने कहा कि मुंबई को तोड़ने की साजिश करने वालों को हम खत्म कर देंगे।
वहीं एमएनएस प्रमुख राज ठाकरे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि सीटों का बंटवारा मायने नहीं रखता। कौन सा दल कितनी सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगा ये समय आने पर बताएंगे। राज ने दावा किया मुंबई का मेयर मराठी ही बनेगा। गौरतलब है कि लगभग दो दशक के बाद उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे। इससे पहले इसी साल 5 जुलाई को उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे ने एक साथ मिलकर मंच साझा किया था। महाराष्ट्र सरकार द्वारा हिंदी को तीसरी भाषा के रूप में लागू करने के सरकारी प्रस्ताव को वापस लिए जाने को लेकर शिवसेना (यूबीटी) और एमएनएस ने मुंबई के वर्ली डोम मराठी विजय रैली का आयोजन किया था इसमें उद्धव और राज 20 साल बाद एक मंच पर साथ नजर आए थे।
