April 23, 2026

Hind foucs news

hindi new update

उमर खालिद के समर्थन की अमेरिकी सांसदों ने लिखी चिट्ठी तो बीजेपी ने राहुल गांधी की फोटो शेयर कर साधा निशाना

नई दिल्ली। 2020 के दिल्ली दंगों के आरोप में तिहाड़ जेल में बंद जेएनयू के पूर्व छात्र उमर खालिद के समर्थन अमेरिका के आठ सांसदों ने चिट्ठी लिखी है। अमेरिका में भारत के राजदूत विनय क्वात्रा को भेजे गए लेटर में अमेरिकी सांसदों ने भारत सरकार से यह जानकारी मांगी है कि उमर खालिद और अन्य सह-आरोपियों के खिलाफ चल रही न्यायिक प्रक्रिया किस प्रकार अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप है। इस पत्र में जिम मैकगवर्न, जेमी रास्किन, जान शाकोव्स्की, क्रिस वैन होलेन, पीटर वेल्च, प्रमिला जयपाल, राशिदा तलैब और लॉयड डॉगेट के साइन हैं। वहीं बीजेपी ने अमेरिकी सांसद जान शाकोव्स्की के साथ राहुल गांधी की फोटो शेयर करते हुए बताया है कि भारत विरोधी लॉबी कैसे काम करती है।

बीजेपी नेता प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, 2024 में जान शाकोव्स्की अमेरिका में राहुल गांधी से मिलती हैं, उनके साथ भारत विरोधी इल्हान उमर भी होती हैं। जनवरी 2025 में वह अंतर्राष्ट्रीय इस्लामोफोबिया का मुकाबला अधिनियम फिर से पेश करती हैं, जिसमें भारत का नाम स्पष्ट रूप से लिया गया है और मुस्लिम समुदायों पर दमनकारी कार्रवाई का आरोप लगाया गया है। अब 2026 में वही जान शाकोव्स्की भारत सरकार को पत्र लिखकर उमर खालिद को लेकर चिंता जताती हैं। वही उमर खालिद जो दंगों और हिंसा से जुड़े गंभीर मामलों में UAPA के तहत आरोपी है।

भंडारी ने कहा, जब भी विदेशों में भारत विरोधी बातें फैलाई जाती हैं, राहुल गांधी का नाम बार-बार सामने आता है। जो लोग भारत को कमजोर करना चाहते हैं, भारत की चुनी हुई सरकार को बदनाम करना चाहते हैं और भारत के आतंकवाद विरोधी कानूनों को कमजोर करना चाहते हैं, वो अनिवार्य रूप से राहुल गांधी के इर्द-गिर्द इकट्ठा दिखाई देते हैं। आपको बता दें कि इससे पहले न्यूयॉर्क के नए मेयर जोहरान ममदानी की ओर से भी उमर खालिद का समर्थन करते हुए एक पत्र जारी किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *